कोटखाई में 56 वर्षों बाद देव शांत यज्ञ, शिक्षा मंत्री ने लिया देवता का आशीर्वाद

यज्ञ में शामिल मंत्री रोहित ठाकुर

शिमला, 28 दिसंबर (Udaipur Kiran) . जिला शिमला के कोटखाई उपमंडल के अडेवग गांव में sunday को लगभग 56 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित डोम देवता खांटा के देव शांत यज्ञ में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शिरकत की. इस अवसर पर उन्होंने देवता का आशीर्वाद लिया और प्रदेश के लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.

यह देव शांत यज्ञ क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है. लंबे समय बाद आयोजित इस आयोजन में क्षेत्र की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली. देव शांत में इस क्षेत्र के चार प्रमुख देवताओं की सहभागिता रही, जिनमें कोटेश्वर महादेव मिहणी, डोम देवता खांटा बश्नोग, नाग देवता भमराड़ा, काली मात टिकरी हिमरी और खूंद थनाल गांव थाना शामिल हैं. यज्ञ के दौरान पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.

इस मौके पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि Himachal Pradesh देवभूमि के नाम से जाना जाता है और यहां की देव संस्कृति की पहचान पूरी दुनिया में अलग और विशिष्ट है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में मनाए जाने वाले मेले और त्योहार हमारी जीवंत संस्कृति को दर्शाते हैं और देव शांत जैसे अनुष्ठान इस परंपरा के मजबूत प्रतीक हैं. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ऐसी सांस्कृतिक धरोहरों को संजोकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है, ताकि हमारी अनूठी देव संस्कृति आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सके.

रोहित ठाकुर ने युवाओं से आह्वान किया कि आधुनिक और वैज्ञानिक युग में आगे बढ़ते हुए भी अपनी जड़ों और पारंपरिक संस्कृति से जुड़े रहना जरूरी है. उन्होंने कहा कि हमारी देव संस्कृति आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देती है, जो समाज को जोड़ने का काम करती है.

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Leave a Comment