Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
HEADLINES

इंदौर में 24 किन्नरों ने एक साथ पिया जहरीला पदार्थ, सभी एमवाय अस्पताल में भर्ती

इंदौर, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में नंदलालपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां 24 किन्नरों ने एक साथ जहरीला पदार्थ पी लिया। सभी को तुरंत उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना के बाद सीएमएचओ को प्रभावित सभी लोगों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।

क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पंडरीनाथ थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम लगभग 24 किन्नरों द्वारा किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में फिनायल पीने की बात सामने आई है, हालांकि उन्होंने कौन-सा पदार्थ पिया, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। जहरीला पदार्थ पीने के पीछे क्या कारण थे, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

सूचना मिलने पर एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया भी एमवाय अस्पताल पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली।

एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि शाम के समय किन्नर समाज के डेरे में हंगामे की सूचना मिली थी। इस पर थाना प्रभारी पंडरीनाथ, एसपी सराफा और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। इस दौरान कुछ किन्नरों ने संदिग्ध वस्तु का सेवन कर लिया था। सभी को तत्काल उपचार के लिए एमवाय अस्पताल ले जाया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और आगे की कार्रवाई की जाएगी।