अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ संयुक्त अभियान में तीन एक्सक्वेटर सहित 25 वाहन जब्त

जयपुर, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । अरावली पर्वतमाला क्षेत्र के 20 जिलों में अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ शुरु हुए अभियान के दौरान पहले दिन जयपुर के कालवाड़ तकसील के बावडी गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में लिप्त दो एक्सक्वेटर जब्त किए गए। निदेशक माइंस महावीर प्रसाद मीणा ने बताया कि अभियान के पहले दिन आरंभिक सूचनाओं के अनुसार दो एक्सक्वेटर के साथ ही 6 डंपर, 16 ट्रेक्टर जब्त कर संबंधित पुलिस थानों को सुपुर्द किए गए हैं। पाली में भी 7 वाहन की जब्ती की गई है। सिरोही के दादुआ में एक जेसीबी जब्त करने की गई है। अरावली पर्वतमाला क्षेत्र के 20 जिलों में सोमवार से अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ संयुक्त अभियान शुरु किया गया है। सभी 20 जिलों में अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई शुरु कर दी गई है।
प्रमुख सचिव माइंस टी. रविकान्त ने बताया कि अरावली पर्वतमाला क्षेत्र के 20 जिलों के सभी जिला कलक्टरों ने टीमों का गठन कर दिया गया है। जिला कलक्टरों और खान विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को क्लोज मोनेटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।
अधीक्षण खनिज अभियंता जयपुर एनएस शक्तावत ने बताया कि अभियान के पहले दिन सीकर में एक डंपर चेजा पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए जब्त किया गया है। इसी तरह से झुन्झुनू में ग्रीट का अवैध परिवहन करते हुए दो डंपर व दौसा में एक ट्रेक्टर ट्राली को चेजा पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए जब्त किया गया है। प्रतापगढ़ में भी अवैध परिवहन करते एक वाहन जब्त करने के आरंभिक समाचार है।
प्राप्त सूचना के अनुसार पाली के पाली, साण्डेराव, चण्डावल में अवैध बजरी परिवहन करते हुए एक डंपर व 6 ट्रेक्टर ट्राली जब्त की गई है। इसके साथ ही एक एफआईआर व 1.27लाख जुर्माने की वूसली की गई है। सिरोही के दोदुआ में अवैध खनन गतिविधियों में लिप्त एक जेसीबी जब्ती व एक लाख 71 हजार तीन सौ का जुर्माना वसूला गया है। अभियान 20 जिलों में शुरु हो गया है और कार्रवाई की आरंभिक सूचनाएं आना शुरु हो गई है।
—————
(Udaipur Kiran)



