Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
ASSAM

मणिपुर में 3 उग्रवादी गिरफ्तार, मोटर वाहन अपराध के विरूद्ध चला अभियान

मणिपुरः अलग-अलग अभियान में गिरफ्तार तीन उग्रवादी, वाहनों की तलाशी लेते सुरक्षा बल के जवान

इंफाल, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मणिपुर में उग्रवादियों की धर-पकड़ के साथ मोटर वाहन अपराध के विरुद्ध पुलिस एवं सुरक्षा बल पूरे राज्य में लगातार अभियान जारी रखे हुए हैं। पिछले 36 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चलाए गये अभियान के दौरान 03 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, मोटर वाहन से जुड़े अपराध में जुर्माना वसूला गया।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा आज सोशल मीडिया के जरिए साझा की गयी जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों ने यूएनएलएफ (के) के एक सक्रिय कैडर, इंफाल पश्चिम जिले के निवासी बिक्की सगोलसेम (29) को तेंगनौपाल जिला के मोरेह थानांतर्गत मुस्लिम बस्ती से गिरफ्तार किया गया।

एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के लाम्फेल थानांतर्गत लाम्फेल सुपर मार्केट से केसीपी (अपुनबा) के एक सक्रिय कैडर हाओबाम मालेमंगंबा सिंह (25) को गिरफ्तार किया। आरोपित जनता से जबरन वसूली में शामिल था। उसके पास से मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन बरामद किया गया।

एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपत थानांतर्गत टॉप माखा लेइकाई निवासी केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के एक सक्रिय कैडर, वांगखेराकपम रोमियो मैतेई (45) उर्फ बरुनी उर्फ कोबरू को उसके निवास से गिरफ्तार किया। आरोपित घाटी क्षेत्र में जबरन वसूली में शामिल था। उसके पास से मोबाइल फोन बरामद किया गया।

दूसरी ओर मणिपुर पुलिस ने मोटर वाहन अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अपना अभियान जारी रखे हुए है। मंगलवार को मणिपुर पुलिस ने मोटर वाहन अपराधियों को 23 (तेईस) चालान जारी किए, जिनकी कुल राशि 54 हजार 500 थी।

जबकि, सुरक्षा बलों द्वारा विभिन्न जिलों के सीमांत और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान और क्षेत्र नियंत्रण जारी रखे हुए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुओं से लदे 265 वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई है। सभी संवेदनशील स्थानों पर कड़े सुरक्षा उपाय किए गए हैं और वाहनों की स्वतंत्र और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील हिस्सों में सुरक्षा काफिला तैनात किया गया है। मणिपुर के विभिन्न जिलों, पहाड़ी और घाटी दोनों क्षेत्रों में, कुल 116 नाके/चेकपॉइंट स्थापित किए गए थे, हालांकि किसी को भी हिरासत में नहीं लिया गया।

(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *