Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मध्य प्रदेश प्रेस क्लब का 33वां स्थापना समारोह आज

मध्य प्रदेश प्रेस क्लब

भोपाल, 14 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । पत्रकारिता की गरिमामयी परंपरा को सुदृढ़ करते हुए मध्य प्रदेश प्रेस क्लब द्वारा अपने स्थापना के 33 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज रविवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में भव्य ‘मप्र रत्न अलंकरण एवं मध्य प्रदेश श्री सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. नवीन आनंद जोशी ने बताया कि यह आयोजन उन विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के लिए है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां अर्जित कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश की प्रतिष्ठा को बढ़ाया है। समारोह को पत्रकारिता, संस्कृति और सृजनात्मक योगदान के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

समारोह के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर होंगे। कार्यक्रम को जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज, परमाध्यक्ष शारदा पीठाधीश्वर एवं अध्यक्ष अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद, हरिद्वार, ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करेंगे। पंचदशनाम जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर ध्यानश्री स्वामी शैलेशानंद गिरि महाराज आशीर्वचन देंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश शासन की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर उपस्थित रहेंगी।

विविध क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों का सम्मान

प्रेस क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा और महासचिव डॉ. शिशिर उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष पत्रकारिता, कला, संस्कृति, खेल, सिनेमा, शिक्षा और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली अनेक हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कमेंटेटर पद्मश्री सुशील दोषी, शास्त्रीय गायिका कलापिनी कोमकली, अमर उजाला समूह के डिजिटल हेड एवं वरिष्ठ पत्रकार जयदीप कर्णिक, भारतीय फिल्म इतिहास में बिना रीटेक बनी ‘वन शॉट मूवी’ दिल्ली 2020 के निर्माता-निर्देशक देवेन्द्र मालवीय, फैशन जगत की मुमताज खान, वरिष्ठ पत्रकार दिनेश गौतम, नृत्यांगना अमृता जोशी, न्यूज एडिटर सोनल भारद्वाज और निर्देशक प्रीतिश मेहता शामिल हैं।

समारोह में एयर कमोडोर आशुतोष चतुर्वेदी (कारगिल विजय के नायक), अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी चित्रा बाजपेई, प्रो. संजय द्विवेदी (पूर्व महानिदेशक, भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली), नीता दीप वाजपेई, पूनम चौकसे, ऋषि राज सिंह सिसोदिया, चित्रकार सुलेखा गुर्जर, आयुर्वेदाचार्य डॉ. शिवदयाल बर्डे तथा अभिषेक गोयल को भी उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

डॉ. नवीन आनंद जोशी ने बताया कि समारोह का प्रमुख आकर्षण सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुधीर अग्रवाल की उपस्थिति होगी, जिन्होंने राम मंदिर मामले पर ऐतिहासिक निर्णय दिया था। जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त न्यायमूर्ति अग्रवाल पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। एशिया में सर्वाधिक निर्णय देने का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज है और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में रहते हुए उन्होंने मध्यप्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय सुनाए हैं।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *