घग्घर नदी के बांध में 15 फीट कटाव, खेतों में घुसा पानी; किसानों में बढ़ी चिंता
श्रीगंगानगर, 7 सितंबर (Udaipur Kiran News)। अनूपगढ़ क्षेत्र के 91 जीबी गांव में शनिवार देर रात घग्घर नदी के बांध में करीब 15 फीट चौड़ा कटाव हो गया। कटाव के कारण नदी का पानी आस-पास के खेतों में भरने लगा, जिससे किसानों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने प्रशासन और आसपास के लोगों को तुरंत सूचना दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया। ट्रैक्टरों और मिट्टी से भरे थैलों की मदद से कटाव को रोकने का प्रयास किया गया।
भारतीय किसान संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष जसवंत सिंह चंदी ने बताया कि फिलहाल नदी का जलस्तर लगभग चार फीट है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया गया है और मांग की है कि शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं। अन्यथा खेतों में खड़ी फसलें और किसानों की मेहनत पर पानी फिर सकता है।



