Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

ममता बनर्जी के विधानसभा भवानीपुर में 44,770 नाम मतदाता सूची से बाहर

ममता

कोलकाता, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

पश्चिम बंगाल में प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भवानीपुर विधानसभा सीट को लेकर अहम आंकड़े सामने आए हैं। दक्षिण कोलकाता की इस सीट पर अक्टूबर 2025 तक की पिछली मतदाता सूची की तुलना में कुल 44 हजार 770 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर कर दिए गए हैं।

ड्राफ्ट सूची के अनुसार, बूथ नंबर 260 से 127 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इसी बूथ पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी मतदान करते हैं। इन 127 मतदाताओं में 13 मृत पाए गए हैं, जबकि बाकी मतदाताओं को स्थानांतरित, पता न चलने योग्य, दोहरे नाम या अन्य कारणों से सूची से बाहर किया गया है।

गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट पर बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के हाथों करीब 2,000 मतों से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद ममता बनर्जी ने भवानीपुर से हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की और लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री की कुर्सी बरकरार रखी।

भवानीपुर विधानसभा सीट कोलकाता दक्षिण लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सात विधानसभा सीटों में से एक है। 2024 के लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार माला राय कोलकाता दक्षिण सीट से दूसरी बार निर्वाचित जरूर हुईं, लेकिन भवानीपुर और उससे सटे रासबिहारी विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश कोलकाता नगर निगम वार्डों में पार्टी पिछड़ती नजर आई थी।

2024 में तो तृणमूल कांग्रेस को कोलकाता नगर निगम के वार्ड नंबर 73 में भी पीछे रहना पड़ा था, जहां मुख्यमंत्री स्वयं मतदाता हैं। इन नतीजों के बाद भवानीपुर सीट को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई थी।

इसी साल अक्टूबर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में गड़बड़ी की आशंका जताई थी। उन्होंने बिना किसी पार्टी का नाम लिए आरोप लगाया था कि बाहरी लोगों को मतदाता सूची में शामिल करने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी के आईटी सेल प्रमुख और पश्चिम बंगाल के केंद्रीय पर्यवेक्षक अमित मालवीय ने कहा था कि यह आशंका कुछ और नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव में हार के डर की अभिव्यक्ति है।

ड्राफ्ट मतदाता सूची से जुड़े ताजा आंकड़ों के सामने आने के बाद भवानीपुर सीट एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गई है।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *