
अनूपपुर, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) . Madhya Pradesh के अनूपपुर जिले बिजुरी के हसदेव क्षेत्र स्थित रीजनल स्टोर से कीमती मशीनरी पार्ट्स चोरी करने के आरोप में पुलिस ने बुधवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों को तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर पकड़ा गया. घटना 7- 8 सितंबर 2025 की रात को हुई थी.
पुलिस के अनुसार, सुरक्षा प्रहरी पवन कुमार जायसवाल ने 12 सितंबर 2025 को बिजुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि अज्ञात चोरों ने स्टोर का रोशनदान काटकर अंदर प्रवेश किया और मशीनरी पार्ट्स चुरा लिए. शिकायत के आधार पर, बिजुरी थाने में धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. विवेचना के दौरान, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए तकनीकी और साइबर सहायता का उपयोग किया. पुलिस ने 16 सितंबर 2025 को विजय सिंह (निवासी चिरमिरी) को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अपने चार अन्य साथियों के नाम बताए, जो घटना के बाद से फरार थे.
लगातार पतासाजी, मुखबिर सूचना और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने अन्य चार आरोपियों कमलेश सिंह उर्फ करिया (निवासी केबिन दफाई, बिजुरी), चुर्री उर्फ मुख्तार मुसलमान (उम्र 22 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 19, मलाईपारा, मनेंद्रगढ़), देव यादव (उम्र 21 वर्ष, निवासी मनेंद्रगढ़) और विनय सिंह बघेल (उम्र 26 वर्ष, निवासी झगराखांड) को भी गिरफ्तार कर लिया. सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है.
(Udaipur Kiran) / राजेश शुक्ला
