युवक की हत्या में शामिल सरकारी शिक्षक समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर, 17 अगस्त (Kiran News). उदयपुर जिले के पाटिया थाना क्षेत्र में हथियारों से लैस बदमाशों द्वारा युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी शिक्षक सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा पुलिस ने महज चार दिन में कर दिया।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सौमेश्वर भगोरा उर्फ सोमा भगोरा निवासी मालीफला उखेड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 अगस्त 2025 की रात उसके भाई नवीन और गोविन्द क्रूजर गाड़ी से बस स्टैंड से लौट रहे थे। मालीफला पंचायत पुल के पास रात करीब 9 बजे दस से पंद्रह हथियारबंद बदमाशों ने घात लगाकर उनकी गाड़ी रुकवा ली। आरोपियों ने नवीन को नीचे उतारकर कुल्हाड़ी, बीयर की बोतल, चाकू, लौहे की रॉड, लाठियों और लात-घूंसों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना में जहेश, धर्मेन्द्र, शैलेश, ब्रिजेश, ललित सहित 7-8 अन्य बदमाश शामिल थे।
पुलिस ने इस मामले में एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल और वृत्ताधिकारी राजीव राहर के सुपरविजन में थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी और गोपनीय सूचना के आधार पर चार दिन में आरोपियों को खडकाया के जंगलों से रात में डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि मृतक नवीन और आरोपी एक ही गांव के हैं और आपस में मित्र थे। कुछ दिन पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपियों ने नवीन की पूरी जानकारी लेकर उसकी रैकी की और घात लगाकर हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। सभी आरोपी अलग-अलग हथियारों से लैस थे।
गिरफ्तार आरोपी:
-
बालकृष्ण पिता श्री अमृतलाल
-
शैलेश कुमार पिता श्री जीवा
-
ब्रजेश पिता श्री लक्ष्मण लाल
-
धर्मेन्द्र कुमार पिता श्री थावरचन्द
-
गणेशलाल पिता अरजी
-
जहेश पिता श्री अमृतलाल (पेशे से शिक्षक)



