Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

दिवाली की रात कोलकाता में 640 गिरफ्तार, भारी मात्रा में पटाखे और अवैध शराब जब्त

दिवाली की रात

कोलकाता, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।

काली पूजा और दीपावली की रात कोलकाता पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहरभर में विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा मंगलवार सुबह जारी आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, बीते 20 अक्टूबर की रात से 21 अक्टूबर की सुबह तक चलाए गए अभियान में कुल 640 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, प्रतिबंधित पटाखे फोड़ने के आरोप में 183 लोगों को पकड़ा गया, जबकि उपद्रव मचाने के मामलों में 451 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा छह लोगों को जुए से संबंधित गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इस दौरान 852.45 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे और 68.4 लीटर अवैध शराब जब्त की है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए शहर के हर हिस्से में विशेष निगरानी रखी गई थी।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कड़ी कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस ने दीपावली की रात कुल 882 मामलों में चालान काटे। इनमें बिना हेलमेट चलाने, पीछे बैठे सवार के बिना हेलमेट होने, तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने, नशे में ड्राइविंग और अन्य उल्लंघन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, 331 चालक बिना हेलमेट पाए गए, जबकि 180 लोग बिना हेलमेट पीछे बैठे थे। इसी तरह 116 मामलों में तेज गति से वाहन चलाने और 99 मामलों में नशे में ड्राइविंग के आरोप दर्ज किए गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूरे शहर में रातभर गश्त बढ़ाई गई थी। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए निगरानी की गई। पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने दावा किया कि शहर में कानून व्यवस्था सामान्य रही और सभी प्रमुख पूजा पंडालों तथा सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *