
जबलपुर, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) . क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर की 71वीं बैठक आज मंगलवार को कार्यान्वयन समिति की अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक, पमरे शोभना बंदोपाध्याय की अध्यक्षता में संपन्न हुई.
अपने संबोधन में बंदोपाध्याय ने कहा कि सरकारी कार्य में राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार हेतु प्रेरणा एवं प्रोत्साहन आवश्यक है तथा पमरे में इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है. उन्होंने कहा कि किसी भी भाषा के विकास हेतु उसे नवीन तकनीक से जोड़ना आवश्यक है तथा हिंदी का प्रचार-प्रसार सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से राजभाषा मदों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.
बैठक में त्रैमासिक राजभाषा पत्रिका ‘राजभाषा सरिता’ के 55वें अंक का विमोचन किया गया. इस अवसर पर क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक ने नियमित प्रकाशन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राजभाषा विभाग को बधाई दी.
मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एम.एस. हाशमी ने महाप्रबंधक का स्वागत किया तथा हिंदी दिवस कार्यक्रमों एवं समीक्षाधीन अवधि की प्रगति से अवगत कराया. उन्होंने पुरस्कार प्राप्त अधिकारियों को बधाई दी और हिंदी गतिविधियों में अधिक भागीदारी का आव्हान किया.
बैठक में पी.के. खत्री, अपर महाप्रबंधक सहित समिति सदस्य और मंडलों कारखानों के वरिष्ठ अधिकारी ऑनलाइन उपस्थित रहे तथा विभागीय प्रगति व सुझाव साझा किए.
—————
(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक
