उदयपुर में जोश, उमंग और सम्मान के साथ मनाया गया 79वां स्वाधीनता दिवस, रंगारंग प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण

उदयपुर, 15 अगस्त। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत उदयपुर जिले में 79वां स्वाधीनता दिवस शुक्रवार को उत्साह, उमंग और गौरव के साथ धूमधाम से मनाया गया। जिला मुख्यालय गांधी ग्राउण्ड में आयोजित मुख्य समारोह में जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के बाद मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और पुलिस, एनसीसी, स्काउट व गाइड के छात्रों द्वारा किए गए मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह में एडीएम प्रशासन दीपेन्द्र सिंह ने राज्यपाल का संदेश पढ़ा।
समारोह में सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, जिला प्रमुख ममता पंवार, विधायक ताराचंद जैन, पूर्व महापौर गोविन्द सिंह टांक, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, आईजी गौरव श्रीवास्तव, कलेक्टर नमित मेहता, एसपी योगेश गोयल सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्कूली विद्यार्थी और शहरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

परेड और बैंड ने बांधा समां
समारोह का मुख्य आकर्षण रहा अनुशासित मार्च पास्ट, जिसमें राजस्थान पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने बैंड की धुन पर कदमताल किया। एनसीसी और पुलिस के अधिकारियों के नेतृत्व में परेड ने पूरे ग्राउंड में देशभक्ति का जोश भर दिया। पुलिस और विद्यालयों के बैंड की प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत कर दिया।
शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान
मंत्री बाबूलाल खराड़ी और अधिकारियों ने उदयपुर के शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागौरी के माता-पिता, शहीद मेजर मुस्तफा की माता, शहीद अर्चित वर्डिया की माता, शहीद मोहनलाल तेजावत की पत्नी व स्वतंत्रता सेनानी कन्हैयालाल की पत्नी का शॉल ओढ़ाकर व श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।

व्यायाम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने किया मंत्रमुग्ध
समारोह में स्कूलों के बच्चों ने सामूहिक व्यायाम और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने देशभक्ति गीतों और नृत्य के जरिए भारत की एकता और विविधता को सुंदरता से दर्शाया। केंद्रीय कारागृह के बंदियों के ऑर्केस्ट्रा ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का समापन रेजिडेंसी स्कूल की छात्राओं के राष्ट्रगान के साथ हुआ।
अभिनंदन और सम्मान
मुख्य समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए जिले के अनेक अधिकारियों, कर्मचारियों, समाजसेवियों, खिलाड़ियों, शिक्षकों, चिकित्सकों, पत्रकारों, पुलिसकर्मियों, एनसीसी कैडेट्स और अन्य प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। जिला, उपखंड और विभिन्न स्तरों पर विशेष उपलब्धि पाने वालों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।



