आयड़ नदी में फंसे युवक को 7 घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला गया
उदयपुर, 6 सितंबर (Udaipur Kiran News)। भारी बारिश से उफान पर आई आयड़ नदी के बीच फंसे एक युवक को सात घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस बचाव अभियान में प्रशासन, आर्मी, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिरण मगरी क्षेत्र स्थित एफसीआई गोदाम के पास युवक नदी के बीच फंस गया था। तेज बहाव के कारण वह बाहर नहीं निकल सका। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। जिला कलक्टर के निर्देश पर एडीएम दीपेंद्र सिंह राठौड़ प्रशासन और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया।
नदी का बहाव तेज होने से शुरुआती प्रयास असफल रहे। इस पर मीडियाकर्मी ताराचंद गवारिया और ड्रोन ऑपरेटर कुलदीप परमार की मदद ली गई। ड्रोन के जरिए पतली रस्सी युवक तक पहुंचाने का प्रयास दो बार असफल रहा, लेकिन तीसरी बार सफलता मिली। इसके सहारे युवक तक लाइफ जैकेट और ट्यूब पहुंचाई गई।
इसके बाद जिला कलक्टर नमित मेहता और उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा भी मौके पर पहुंचे। सेना की मदद से आर्मी ड्रोन द्वारा मोटी रस्सी युवक तक पहुंचाई गई। फिर लाइफ जैकेट और ट्यूब की सहायता से रस्सी के सहारे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इस रेस्क्यू अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के साथ सहयोग किया। सात घंटे की कड़ी मेहनत के बाद युवक को सकुशल बाहर लाना सभी के लिए राहत और खुशी की बात रही।



