Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
ENTERTAINMENT

आमिर खान ने ‘हैप्पी पटेल’ का किया ऐलान

आमिर खान - फोटो सोर्स एक्स

‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान ने अपने प्रोडक्शन हाउस के तहत बनने वाली अगली फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह फिल्म जासूसी, कॉमेडी और हल्के-फुल्के रोमांच से भरपूर होने वाली है। खास बात यह है कि आमिर ने इस प्रोजेक्ट की कमान प्रतिभाशाली स्टैंड-अप कॉमेडियन वीर दास को सौंपी है, जो इस फिल्म में न सिर्फ मुख्य भूमिका निभाएंगे, बल्कि निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। उनके साथ निर्देशक के रूप में कवि शास्त्री भी जुड़े हैं, जिससे फिल्म की क्रिएटिव टीम और भी मजबूत हो गई है।

आमिर खान ने फिल्म की घोषणा एक अनोखे और बेहद मनोरंजक वीडियो के जरिए की। वीडियो में आमिर, वीर दास से फिल्म के रोमांस, एक्शन और आइटम नंबर को लेकर नाराज़ होते दिखते हैं। उन्हें इस बात का डर होता है कि लोग इन सीन्स पर कैसी प्रतिक्रिया देंगे। वह वीर को मज़ाकिया अंदाज़ में जमकर डांटते हैं लेकिन जैसे ही प्रतिक्रिया आना शुरू होती है और दर्शक फिल्म को जबरदस्त बताते हैं, आमिर का गुस्सा पल भर में खुशी में बदल जाता है। वीडियो ने सोशल मीडिया पर खूब ध्यान खींचा और फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी।

साल 2026 में रिलीज होगी फिल्म

फिल्म 16 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘हैप्पी पटेल’ में वीर दास के साथ प्रतिभाशाली अभिनेत्री मोना सिंह अहम किरदार में नजर आएंगी। इसके अलावा लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने वाले इमरान खान भी इस फिल्म का हिस्सा हैं, जिससे यह प्रोजेक्ट और भी खास बन गया है। जासूसी कॉमेडी के इस नए तड़के के साथ, ‘हैप्पी पटेल’ आमिर खान प्रोडक्शंस की एक ताज़ा और मनोरंजक पेशकश बनने जा रही है, जिसे लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

———–

(Udaipur Kiran) / लोकेश चंद्र दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *