आआपा ने किया थाली-चम्मच बजाकर प्रदर्शन, प्रदूषण तुमको जाना पड़ेगा के लगाए नारे

नई दिल्ली, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आआपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में आआपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय के बाहर थाली-चम्मच बजाकर प्रदर्शन किया और नारे लगाये। इस मौके पर आआपा नेताओं ने ‘प्रदूषण तुमको जाना पड़ेगा’ के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान आआपा के नेताओं को हिरासत में भी ले लिया गया।
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली सरकार की आलोचना करते हुए अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने राजधानी में लगातार प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर तत्काल कार्यवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रदूषण को कम करने के लिए कोई ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली सरकार को चाहिए की वह प्रदूषण को कम करने के लिए कार्य करे न की जनता से झूठे वादे करने की। उन्होंने कहा कि ऐसे ही रहा तो आने वाली पीढ़ियां हमें माफ नहीं करेंगी। क्योंकि हमने “विकास” के नाम पर उनका भविष्य, उनकी सांसें और उनका जीवन, सब कुछ गिरवी रख दिया।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह सिर्फ सरकारों की विफलता नहीं है। यह उस समाज की सामूहिक अपराधबोध से भरी चुप्पी है जो धर्म, जाति, चुनाव और खोखले राष्ट्रवाद पर चीखता रहा। मगर हवा, पानी और जीवन पर मौन साधे रहा। उन्होंने कहा कि इसके समाधान के लिए जल्द ही कार्य नही किया गया तो इसका प्रभाव बहुत ही खतरनाक होगा।
इस दौरान विधायक संजीव झा, दिल्ली की पूर्व महापौर महेश खिंची, पार्टी के तमाम पार्षद, नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने थाली बजाकर दिल्ली सरकार को जगाने का प्रयास किया।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी



