आस्था क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी का अध्यक्ष 5 साल बाद गिरफ्तार

जयपुर, 29 सितंबर (Kiran News): वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत झालावाड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आस्था क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी के अध्यक्ष पदम सिंह को कोटा से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले पांच वर्षों से फरार था और उस पर ₹10,000 का इनाम घोषित था। वह धोखाधड़ी और चेक अनादरण के कुल 9 प्रकरणों में वांछित था।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि आरोपी पदम सिंह ने सोसायटी के सचिव और कोषाध्यक्ष के साथ मिलकर निवेशकों को अधिक मुनाफे का लालच देकर ठगा। रीछवा निवासी मोहम्मद याकूब और छह अन्य लोगों की शिकायत के अनुसार, निवेशकों ने एजेंटों के माध्यम से सोसायटी में दैनिक बचत योजना के तहत बड़ी राशि जमा करवाई थी।
पैसा जमा होने के बाद सोसायटी का कार्यालय अचानक बंद हो गया और अध्यक्ष पदम सिंह झाला, सचिव गिरिराज गुप्ता तथा कोषाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह फरार हो गए। तीनों आरोपियों को न्यायालय द्वारा भगोड़ा घोषित किया गया था। इनमें से दो आरोपियों ने ज़मानत ले ली थी, जबकि पदम सिंह लगातार पांच वर्षों तक पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा।
वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए गठित विशेष टीम, जिसका नेतृत्व थाना झालरापाटन के एसएचओ हरलाल मीणा कर रहे थे, ने सूचना के आधार पर पदम सिंह को कोटा के रंगबाड़ी क्षेत्र स्थित उसके किराये के मकान से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी से बचने के लिए 49 वर्षीय आरोपी पदम सिंह (पुत्र रूपसिंह, निवासी दुबलिया सुनेल) लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।



