Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
DELHI

एसीबी ने रजिस्ट्री कार्यालय के पास 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते दलाल को रंगेहाथ दबोचा

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कश्मीरी गेट स्थित सब-रजिस्ट्रार-I कार्यालय के पास एक दलाल को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान मौजपुर निवासी केशव जोशी के रूप में हुई है। आरोपित रजिस्ट्री दफ्तर के बाहर बतौर डीड राइटर (दस्तावेज लेखक) के रूप में काम कर रहा था और कथित तौर पर वहां तैनात अधिकारियों की ओर से रिश्वत मांग रहा था।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट के एक वकील ने एसीबी कार्यालय में शिकायत दी थी कि केशव जोशी नामक डीड राइटर उनसे सब-रजिस्ट्रार-I, कश्मीरी गेट, दिल्ली के अधिकारियों की ओर से तीन लाख रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है। यह रकम अहाता ठाकुर दास, सराय रोहिल्ला स्थित एक संपत्ति की रजिस्ट्री कराने के एवज में मांगी गई थी। बातचीत के बाद सौदा 1.60 लाख रुपये में तय हुआ।

शिकायतकर्ता ने जब इस रिश्वत मांग को अनुचित बताया और सीधे सब-रजिस्ट्रार से मिलने की कोशिश की, तो कार्यालय के कर्मचारियों ने उन्हें आरोपित डीड राइटर से ही बात करने की सलाह दी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया।

22 अक्तूबर को दोपहर करीब 12:15 बजे शिकायतकर्ता और पंच गवाह के साथ टीम तय जगह—पुराना कोर्ट कंपाउंड, चेंबर नंबर 101—पर पहुंची। आरोपी ने वहां रिश्वत की मांग की और शिकायतकर्ता ने उसे 50 हजार रुपये बतौर पहली किस्त दिए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसीबी की एक टीम गठित की गई। जैसे ही गवाह ने पूर्व-निर्धारित संकेत दिया, एसीबी टीम ने मौके पर ही आरोपित को रिश्वत लेते दबोच लिया। मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *