Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
CRIME

कफ सिरप तस्करी मामले में नामजद आरोपित गिरफ्तार, 31 लाख से अधिक का संदिग्ध लेन-देन उजागर

गिरफ्तार आरोपी अजीत यादव साथ में अन्य।

मीरजापुर, 21 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । अदलहाट पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट समेत गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमे से सम्बंधित नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को थाना अदलहाट में दर्ज मुकदमें से जुड़े आरोपित अजीत यादव पुत्र सदन यादव निवासी बरईपुर नरायनपुर, प्रोपराइटर निहाल डिस्ट्रीब्यूटर्स, को सघन पूछताछ के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर थाना परिसर से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित की फर्म निहाल डिस्ट्रीब्यूटर्स के नाम पर झारखंड के रांची स्थित शैली ट्रेडर्स से लगभग 23,000 सीसी न्यू फेन्सिडिल कफ सिरप (100 एमएल) की सप्लाई कराई गई थी। विवेचना में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपित की फर्म मौके पर क्रियाशील नहीं पाई गई और दुकान केवल एक-दो बार ही खोली गई, जबकि किसी प्रकार का वास्तविक दवा व्यवसाय नहीं किया गया।

जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि फर्म के ड्रग लाइसेंस में लगाए गए आधार कार्ड का पता बरईपुर नरायनपुर थाना अदलहाट दर्शाया गया है, जो फर्जी पाया गया। वहीं बैंक खाते में लगे आधार कार्ड का पता मोहल्ला छोटी गैवी थाना सिगरा, वाराणसी का निकला। इससे ड्रग लाइसेंस में प्रयुक्त आधार कार्ड के कूटरचित होने की पुष्टि हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपित की फर्म का खाता कोटक महिंद्रा बैंक, लहुरावीर वाराणसी में पाया गया, जिसमें करीब 31 लाख 61 हजार 720 रुपये का टर्नओवर दर्ज है। शैली ट्रेडर्स से भेजे गए माल की बिलिंग, परिवहन में प्रयुक्त वाहनों के नंबर और ट्रेसबिलिटी से जुड़ी जानकारियां जुटाने के लिए जीएसटी विभाग मीरजापुर से विवरण मांगा गया है।

प्रकरण में अन्य अभियुक्तों की संलिप्तता भी सामने आ रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया पूरी कर आगे और गिरफ्तारियां की जाएंगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अदलहाट अजय सेठ पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *