Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

तंत्र-मंत्र की आड़ में 13 वर्षीय स्कूली छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

अपराध लोगो

शिमला, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । तांत्रिक विद्या की आड़ में एक 13 वर्षीय स्कूली छात्रा को यौन उत्पीड़न का शिकार बनाया गया है। छात्रा के साथ ये घिनौनी हरकत करने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ग्राम पंचायत का प्रधान है। पीड़ित छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट में केस दर्ज किया है। मामला शिमला जिला के झाकड़ी थाना क्षेत्र का है।

शिकायतकर्ता छात्रा के अनुसार आरोपी ने उसे तांत्रिक विद्या और उसके परिवार की मृत्यु का डर दिखाकर 15 अक्टूबर और 17 अक्टूबर को अपने घर बुलाकर उसका यौन उत्पीड़न किया। इससे पहले 21 सितंबर को भी आरोपी ने उसे तंत्र मंत्र का झूठा भय दिखाकर धमकाया था, ताकि वह किसी को कुछ न बताए।

पीड़िता की शिकायत पर थाना झाकड़ी में बीएनएस की धारा 65 और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

मामले के अनुसार 13 वर्षीय पीड़िता 21 सितंबर को स्कूल जा रही थी। उसने गले में एक माला पहन रखी थी। उस समय रास्ते में पीड़िता को आरोपी किशोरी लाल मिला और उसने पूछा कि उसे गले की माला किसने दी है। पीड़िता ने जवाब दिया कि उसकी सहेली ने दिया है। इस पर आरोपी ने उसके गले में पड़ी रुद्राक्ष की माला को छुआ और उसकी सहेली से कहा कि जब उसने माला को छुआ तो उसे झटका लगा। सहेली ने पूछा कि ऐसा कैसे हो सकता है। तब आरोपी ने कहा कि उसे “तंत्र-मंत्र” का ज्ञान है और यह माला मंत्रों से सिद्ध की जानी चाहिए, नहीं तो उसके परिवार की मृत्यु हो जाएगी। आरोपी ने पीड़िता की सहेली को यह भी कहा कि अगर तुमने अपने परिवार को इस बारे में बताया कि वो तांत्रिक विद्या जानता है, तो तुम्हारा परिवार मर जाएगा।

पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक़ 15 अक्टूबर को जब वह स्कूल जा रही थी, तो आरोपी ने उसे अपने घर बुलाया और पानी पिलाया। इसके बाद उसने उससे अनुचित हरकत करने की बात कही। जब वो जाने लगी, तो आरोपी ने दरवाजे के पास उसका हाथ पकड़ लिया और उसे कमरे में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया। उस समय वह उसे तांत्रिक ज्ञान का डर दिखाकर धमका रहा था।

शिकायत के अनुसार 17 अक्टूबर को भी आरोपी ने उसे अपने घर बुलाया। वह डर के कारण उसके घर चली गई, जहां आरोपी ने फिर से उसके साथ गलत हरकतें कीं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *