हावड़ा स्टेशन के पास महिला से चेन छिनताई, आरोपित फरार
हावड़ा, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हावड़ा स्टेशन के पास बुधवार शाम एक महिला के साथ छिनताई की घटना घटी। आरोप है कि महिला के गले से एक तोले की सोने की चेन झपटकर एक शख्स भाग निकला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बृंदाबन घोष बुधवार शाम अपनी पत्नी मिठू घोष के साथ कोलकाता से हावड़ा के बड़गछिया स्थित अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में वे हावड़ा स्टेशन के 12 नंबर सबवे के पास पान खरीदने रुके। उसी वक्त अचानक उनकी पत्नी के गले से एक अज्ञात युवक सोने की चेन झपटकर फरार हो गया।
घटना इतनी अचानक हुई कि दंपत्ति कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए। होश संभलते ही बृंदाबन घोष ने भागते हुए आरोपित का पीछा किया, स्थानीय लोग भी उनके साथ दौड़े, लेकिन आरोपित भीड़ में गायब हो गया।
बृंदाबन घोष ने बताया, “जब चेन छीनी गई, मैं तुरंत उसके पीछे दौड़ा। काफी दूर तक भागा लेकिन वह जवान लड़का था, पकड़ नहीं सका। मैंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।”
घटना के बाद दंपति ने गोलाबाड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय दुकानदार माया सामंत ने बताया कि हावड़ा स्टेशन के कई सबवे अब अपराधियों के अड्डे बन चुके हैं, खासकर 12 नंबर सबवे, जहां यह घटना हुई। उन्होंने कहा, “यहां अक्सर लोगों के साथ लूटपाट होती है। पुलिस की मौजूदगी बहुत कम रहती है। अगर पुलिस वहां होती, तो शायद चेन झपटने वाला पकड़ा जाता।”
बहरहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपित को पकड़ लिया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय



