Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

दहेज उत्पीड़न व हत्या मामले में कार्रवाई तेज, मृतका के ससुर-सास गिरफ्तार

गिरफ्तार मृतका के ससुर और सास।

मीरजापुर, 5 दिसंबर (Udaipur Kiran) । थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर एक महिला को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या किए जाने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

9 नवंबर को सेमरी कला, थाना लालगंज निवासी वादी विद्याधर मिश्र ने कोतवाली देहात पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री को नामजद अभियुक्तों द्वारा दहेज की डिमांड को लेकर लगातार प्रताड़ित किया गया और अंततः उसकी हत्या कर दी गई। प्रकरण को गंभीर मानते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक को विशेष निर्देश दिए।

निर्देशों के क्रम में उप निरीक्षक सुरेश सिंह एवं पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपित, मृतका के ससुर लक्ष्मी शंकर तिवारी पुत्र स्व. उमाशंकर तिवारी तथा सास मीना तिवारी पत्नी लक्ष्मी शंकर तिवारी, निवासी लेढू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेज दिया गया।

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *