Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
SPORTS

एमएलसी: सिएटल ऑर्काज़ के नए कोच बने एडम वोगेस

वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के पूर्व मुख्य कोच एडम वोगेस

नई दिल्ली, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के पूर्व मुख्य कोच एडम वोगेस अगले सीज़न से मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) में सिएटल ऑर्काज़ की कमान संभालेंगे। ऑर्काज़ ने लगातार पाँच मैच हारने के बाद ऑस्ट्रेलियाई कोच मैथ्यू मोट को बर्खास्त किया था, जिसके बाद वोगेस को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वोगेस ने हाल ही में घोषणा की थी कि वह मौजूदा घरेलू सीज़न के बाद वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच पद से हट जाएंगे। ऐसे में उनके एमएलसी की किसी टीम के साथ जुड़ने की संभावना पहले से ही जताई जा रही थी।

वोगेस ने फ्रेंजाइजी के हवाले से कहा, “मैं सिएटल ऑर्काज़ के साथ जुड़कर काफी उत्साहित हूं। एमएलसी लगातार आगे बढ़ रहा है और मैं टीम को मैदान के अंदर और बाहर सफलता दिलाने की कोशिश करूंगा।”

2018 में जस्टिन लैंगर की जगह लेने के बाद से वोगेस ने वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया को अभूतपूर्व सफलता दिलाई। उनकी कोचिंग में टीम ने कई खिताब अपने नाम किए और उन्हें भविष्य में ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है। मैकडॉनल्ड का वर्तमान अनुबंध 2027 तक है, लेकिन वह इसके आगे बढ़ाने के इच्छुक नहीं माने जा रहे।

वोगेस ऑस्ट्रेलिया ए और राष्ट्रीय टीम के साथ भी कोचिंग का अनुभव रख चुके हैं। साथ ही, उन्होंने अपनी टी20 फ्रेंचाइज़ी कोचिंग यात्रा की शुरुआत ‘द हंड्रेड’ में ट्रेंट रॉकेट्स के सहायक कोच के रूप में की है।

वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट वोगेस को अपने बीबीएल फ्रेंचाइज़ी पर्थ स्कॉर्चर्स के कोच के रूप में बनाए रखने पर भी बातचीत कर रहा है। उनके नेतृत्व में स्कॉर्चर्स ने बीबीएल 11 और बीबीएल 12 के खिताब जीते थे। एक खिलाड़ी के तौर पर भी वोगेस दो बार टीम को चैंपियन बना चुके हैं।

वोगेस के हटने के बाद ब्यू कैसन और टिम मैकडोनाल्ड वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के नए मुख्य कोच के दावेदार हो सकते हैं।

टेस्ट क्रिकेट में 61.87 की औसत से 20 मैच खेलने वाले वोगेस का मुख्य लक्ष्य ऑर्काज़ को फिर से शीर्ष पर पहुंचाना होगा। 2023 में फाइनल खेलने वाली यह टीम 2024–25 में सिर्फ 17 में से 4 मैच जीत सकी थी।

सिएटल ऑर्काज़ के प्रमुख हेमंत दुआ ने कहा, “हम एडम वोगेस का स्वागत करते हुए बेहद उत्साहित हैं। वह जीत का मजबूत रिकॉर्ड, विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को तैयार करने की क्षमता और टी20 फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट की गहरी समझ लेकर आ रहे हैं। हमें विश्वास है कि उनकी शांत स्वभाव और रणनीतिक बुद्धिमत्ता टीम को खिताब तक ले जाने में मदद करेगी।”

सिएटल ऑर्काज़ का सह-स्वामित्व जीएमआर ग्रुप और जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के पास भी है, जो आईपीएल और डब्ल्यूपीएल की दिल्ली कैपिटल्स, एसए 20 की प्रिटोरिया कैपिटल्स और आईएलटी 20 की दुबई कैपिटल्स के भी सह-मालिक हैं।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *