Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

पर्थ वनडे से बाहर हुए एडम ज़म्पा और इंग्लिस, कूहनेमन और फिलिप को मौका

ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एडम ज़म्पा

पर्थ, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एडम ज़म्पा और विकेटकीपर बल्लेबाज जॉश इंग्लिस भारत के खिलाफ पर्थ में होने वाले पहले वनडे मैच से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह मैथ्यू कूहनेमन और जॉश फिलिप को टीम में शामिल किया गया है।

ज़म्पा पारिवारिक कारणों से टीम से बाहर हैं क्योंकि उनकी पत्नी हैरियट गर्भावस्था के अंतिम चरण में हैं और डिलीवरी की तारीख नज़दीक है। पर्थ से घर वापस लौटना कठिन होने के कारण ज़म्पा ने न्यू साउथ वेल्स में ही रहने का फैसला किया है। वे संभवतः एडिलेड और सिडनी में होने वाले दूसरे और तीसरे वनडे में टीम से जुड़ेंगे। इसके बाद होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज़ में उनके खेलने की पूरी संभावना है।

वहीं, इंग्लिस पिंडली (काफ़) की चोट से उबर नहीं पाए हैं, जो उन्हें न्यूजीलैंड दौरे से पहले लगी थी। इसी कारण वे पहले वनडे से बाहर हैं। इंग्लिस एडिलेड में होने वाले दूसरे वनडे से भी बाहर रहेंगे, लेकिन टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि वे 25 अक्टूबर को सिडनी में होने वाले तीसरे वनडे तक फिट हो जाएंगे।

कूहनेमन की वापसी

मैथ्यू कूहनेमन तीन साल बाद वनडे टीम में वापसी करेंगे। उन्होंने आखिरी बार 2022 में श्रीलंका में वनडे खेला था। वे पूरे विंटर ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ विभिन्न दौरों पर रहे, लेकिन इस दौरान उन्हें केवल एक ही टी20 मैच में मौका मिला। घरेलू क्रिकेट में उन्होंने हाल ही में बेहतरीन प्रदर्शन किया है, उन्होंने तीन वनडे मैचों में 4 विकेट लिए और 56 रनों की शानदार पारी खेली।

फिलिप को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी।

जॉश फिलिप को पर्थ वनडे में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी दी जाएगी क्योंकि एलेक्स कैरी शील्ड मैच खेलने के लिए एडिलेड में रहेंगे। फिलिप ने आखिरी बार 2021 में वेस्टइंडीज दौरे पर वनडे खेला था। वे घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म में हैं और उनके चयन से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

खिलाड़ियों का प्रबंधन और ऐशेज की तैयारी

ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं को तीनों प्रारूपों में खिलाड़ियों के बोझ को संभालते हुए ऐशेज की तैयारी भी करनी है। कैमरन ग्रीन पहले दो वनडे खेलेंगे लेकिन तीसरे वनडे में शील्ड मैच की तैयारी के चलते उन्हें आराम दिया जा सकता है। ग्रीन गेंदबाजी की लोड को शील्ड मैच में धीरे-धीरे बढ़ाएंगे।

भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम

मिचेल मार्श (कप्तान), ज़ेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कूपर कॉनॉली, बेन द्वार्शुइस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जॉश इंग्लिस (विकेटकीपर), मैथ्यू कूहनेमन, मिचेल ओवेन, जॉश फिलिप (विकेटकीपर), मैट रेनशॉ, मैथ्यू शॉर्ट, मिचेल स्टार्क, एडम ज़म्पा।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *