‘कुछ दिनों बाद लोग ए फॉर एप्पल नहीं, ए फॉर असम कहेंगे’ : मुख्यमंत्री

गुवाहाटी, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुवाहाटी आगमन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आनेवाले समय में लोग अंग्रेजी के अक्षर “ए” को एप्पल से नहीं, बल्कि असम से जोड़कर देखेंगे, जो राज्य की बढ़ती पहचान और विकास को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि असम के पहले मुख्यमंत्री लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै को कांग्रेस ने कभी उचित सम्मान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री होने के बावजूद लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै को वर्षों तक सत्ता में रहने के दौरान भी पार्टी ने सम्मानित नहीं किया।
डॉ. सरमा ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने ही लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै के योगदान और विरासत को सम्मान देने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार असम के इतिहास, संस्कृति और महान नेताओं के योगदान को सहेजने के लिए प्रतिबद्ध है।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश



