पंजाब नेशनल बैंक शाखा का एग्रीकल्चर मैनेजर व उसका रिश्तेदार डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

जयपुर, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की भरतपुर टीम ने कार्रवाई करते हुए पंजाब नेशनल बैंक शाखा भुसावर जिला भरतपुर के एग्रीकल्चर मैनेजर भगवत प्रसाद सैनी व उसके रिश्तेदार सोमेन्द्र कुमार सैनी को परिवादी से डेढ़ लाख रुपये (20 हजार रुपये भारतीय चलन मुद्रा व एक लाख तीस हजार रूपये डमी करेंसी) रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी भरतपुर टीम को परिवादी ने शिकायत दी कि उसके द्वारा पीएनबी शाखा भुसावर में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत लोन के लिए आवेदन किया था,उक्त लोन को पास करने की एवज में एग्रीकल्चर मैनेजर भगवत प्रसाद सैनी द्वारा डेढ लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। जिस पर एसीबी भरतपुर टीम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने ट्रेप की कार्रवाई करते हुए एग्रीकल्चर मैनेजर भगवत प्रसाद सैनी व उसके रिश्तेदार सोमेन्द्र कुमार सैनी को पीएनबी बैंक भुसावर के बाहर रोड से डेढ़ लाख रुपये (20 हजार रुपये भारतीय चलन मुद्रा व एक लाख तीस हजार रूपये डमी करेन्सी) रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है।
—————
(Udaipur Kiran)



