Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

अकलतरा हाईवे लूट कांड का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार

जप्त समान
गिरफ्तार आरोपित

कोरबा/जांजगीर-चांपा, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । थाना अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग ओवरब्रिज पर हुई सनसनीखेज लूट की घटना का जांजगीर-चांपा पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। यह लूट की वारदात 15-16 अक्टूबर 2025 की मध्यरात्रि को अंजाम दी गई थी। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से लूट की नकदी, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, चाकू एवं लोहे की रॉड बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपिताें ने अपनी पहचान छिपाने के लिए वाहन की नंबर प्लेट पर कीचड़ लगाया था और चेहरे पर नकाब पहना हुआ था। इसके बावजूद साइबर सेल जांजगीर और थाना अकलतरा पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपिताें की पहचान सुनिश्चित की।

पीड़ित रतन नायक (उम्र 29 वर्ष) निवासी झोपड़िया थाना बिगोर जिला भुलवाड़ा (राजस्थान), पेशे से ट्रक चालक है। वह 14 अक्टूबर 2025 को चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज से माल भरने के लिए अपने ट्रक क्रमांक आरजे 06 जीडी 1505 से हेल्पर सुमीत कंजर के साथ पहुंचा था। माल लोड कर 15 अक्टूबर की रात लगभग 10 बजे अहमदाबाद (गुजरात) के लिए रवाना हुआ। रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच जब ट्रक अकलतरा नेशनल हाईवे फ्लाईओवर पर पहुंचा तभी पीछे से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने ट्रक को रोक लिया।

स्कॉर्पियो से उतरे तीन लोगों ने पीड़‍ित और उसके हेल्पर के साथ गाली-गलौज करते हुए कॉलर पकड़कर नीचे उतारा और हाथ-मुक्का, चाकू व लोहे की रॉड से मारपीट की। भयभीत होकर पीड़‍ित मौके से भाग गया। आरोपितों ने ट्रक में रखे टूल बॉक्स से 85 हजार रुपये नकद लूट लिए और फरार हो गए। इस संबंध में थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 525/25 धारा 309(4), 296, 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

नेशनल हाईवे पर हुई इस गंभीर लूट की घटना को पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय पाण्डेय ने गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की। साइबर सेल जांजगीर द्वारा लगातार संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया, जिससे आरोपितों की पहचान अमन साहू (20 वर्ष), असीफ उर्फ छोटू खान (21 वर्ष) एवं प्रियांशु गांगुली (21 वर्ष), सभी निवासी थाना सीपत जिला बिलासपुर के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने स्कॉर्पियो वाहन से लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक सीजी 12 बीएफ 8880, एक नग चाकू, एक लोहे की रॉड एवं 10,000 रुपये नकद बरामद किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपितों को आज गुरुवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक भास्कर शर्मा, सउनि विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा सहित साइबर सेल एवं थाना अकलतरा स्टाफ की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

—————

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *