Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
ENTERTAINMENT

अक्षय कुमार फिर बनाएंगे साउथ की रीमेक, एक्शन में लौटेंगे खिलाड़ी कुमार

अक्षय कुमार - फोटो सोर्स इंस्टाग्राम

बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार की फिल्मों का उनके प्रशंसकों को हमेशा बेसब्री से इंतजार रहता है। हाल ही में अभिनेता को ‘जॉली एलएलबी 3’ में देखा गया था, जहां उनके प्रदर्शन की काफी सराहना हुई। अब अक्षय एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने की तैयारी में हैं।

ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता जल्द ही साउथ की सुपरहिट फिल्म ‘संक्रांतिकी वास्तुनम’ के हिंदी रीमेक में नजर आएंगे। रिपोर्ट के अनुसार, इस तेलुगु ब्लॉकबस्टर फिल्म के रीमेक की तैयारियां जोरों पर हैं। सूत्रों के हवाले से बताया गया है, अक्षय कुमार को फिल्म की कहानी बेहद पसंद आई है। उन्होंने फिल्म देखने के बाद खुद इसके हिंदी रीमेक का फैसला किया है।

गौरतलब है कि मूल फिल्म ‘संक्रांतिकी वास्तुनम’ का निर्देशन जाने-माने फिल्ममेकर अनिल रविपुडी ने किया था। यह एक एक्शन-कॉमेडी फिल्म थी, जिसमें साउथ सुपरस्टार वेंकटेश दग्गुबाती ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म ने 14 जनवरी 2025 को रिलीज होकर दुनियाभर में 250 से 300 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी। रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि हिंदी रीमेक के लिए इस वक्त कास्टिंग प्रक्रिया पर काम चल रहा है। हालांकि, फिल्म की लीड एक्ट्रेस को अभी फाइनल नहीं किया गया है। शूटिंग की शुरुआत पहले होनी थी, लेकिन अक्षय कुमार के व्यस्त शेड्यूल के चलते प्रोजेक्ट में कुछ देरी हो गई।

अगर अक्षय के आने वाले प्रोजेक्ट्स पर नजर डालें तो, वह अगले साल यानी 2026 में ‘भूत बंगला’ में नजर आएंगे। इसके अलावा उनके पास ‘हैवान’, ‘फिर हेरा फेरी 3’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ जैसी कई बड़ी फिल्में भी लाइन में हैं। दिलचस्प बात यह है कि अक्षय पहले भी साउथ फिल्मों के हिंदी रीमेक में काम कर चुके हैं, जैसे ‘राउडी राठौर’ और ‘सरफिरा’, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हुईं। अब देखना होगा कि ‘संक्रांतिकी वास्तुनम’ का हिंदी रूपांतरण दर्शकों पर क्या असर डालता है।

—————

(Udaipur Kiran) / लोकेश चंद्र दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *