खराब मौसम के चलते जम्मू संभाग के सभी शैक्षणिक संस्थान आज बंद
जम्मू, 18 अगस्त (Kiran News)। जम्मू-कश्मीर सरकार ने खराब मौसम के कारण सोमवार (18 अगस्त, 2025) को जम्मू संभाग के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
अधिकारियों के अनुसार, पिछले चार दिनों में किश्तवाड़ जिले के चशोती गांव और कठुआ जिले के जोध घाटी तथा जंगलोट क्षेत्रों में बादल फटने की तीन घटनाओं में 68 लोगों की जान चली गई, जबकि 122 लोग घायल हुए हैं।
स्कूल शिक्षा निदेशक द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि खराब मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जम्मू संभाग के सभी सरकारी और निजी स्कूल सोमवार, 18 अगस्त 2025 को बंद रहेंगे। क्षेत्र के दस जिलों में भारी बारिश की चेतावनी के चलते यह निर्णय लिया गया है।
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के लिए अलर्ट जारी करते हुए 17 से 19 अगस्त तक भारी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है। विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में बादल फटने, अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका भी जताई है। अलर्ट में जम्मू, रियासी, उधमपुर, राजौरी, पुंछ, सांबा, कठुआ, डोडा, किश्तवाड़, रामबन और कश्मीर के कुछ हिस्सों को शामिल किया गया है।




