Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हो रहा प्रदेश का चहुंमुखी विकास : इंदर सिंह परमार

राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दमोह में पत्रकार वार्ता

– प्रभारी मंत्री ने दमोह में गिनाई राज्य सरकार की दो साल की उपलब्धियां

भोपाल, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उच्च शिक्षा एवं दमोह जिले के प्रभारी मंत्री इन्दर सिंह परमार ने कहा कि राज्य सरकार पूरे मध्य प्रदेश को लाभान्वित करने की योजना बना रही है। इस अनुक्रम में हमारे युवाओं व नौजवानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए और अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए एवं रोजगार देने वाले बनाने के लिए सरकार लगातार रोजगार मेले का आयोजन कर रही है। प्रतिवर्ष सरकार बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार देने का और ऋण सहायता उपलब्ध कराने का काम सरकार कर रही है। दो वर्ष में प्रदेश की सरकार ने जो कार्य किये है, उससे प्रदेश का चहुंमुखी विकास हुआ है।

मंत्री परमार रविवार को प्रभार जिले दमोह के एक निजी होटल में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले के पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में जितने भी तकनीकी शिक्षण संस्थान हैं, उनको उद्योग जगत से जोड़ने का काम किया जा रहा है, ताकि हमारा सिलेबस उद्योग जगत के हिसाब से बन सके और उद्योगों को ट्रेन्ड वर्कफोर्स मिल सके। उन्होने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति रिसर्च को आगे बढ़ाने का काम कर रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवा साथी रिसर्च करें। परमार ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान सरकार की सभी योजनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया है, लाड़ली बहना योजना में प्रत्येक महिला को 1500 रूपये प्रतिमाह प्रदान किये जा रहे है, जिससे महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण हो रहा है।

प्रभारी मंत्री परमार ने कहा हमारे आध्यात्मिक केंद्र जो बहुत समृद्ध हुआ करते थे, उनकी ख्याति सम्पूर्ण विश्व में होती थी, लेकिन इस कालचक्र में उनका विकास अवरूद्ध हो गया था, उनको फिर से स्थापित करने का काम प्रदेश सरकार ने किया है। महाकाल लोक, ओंमकारेश्वर लोक और रामराजा लोक ओरछा इसके उत्कृष्ट उदाहरण है। इसके साथ ही अनेक प्राचीन विरासतों, धरोहरों के पुनरुत्थान और संरक्षण का कार्य सरकार कर रही है, जिससें प्रदेश का धार्मिक महत्व बढ़ेगा और पर्यटन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश अग्रणी होगा।

परमार ने कहा कि प्रदेश सरकार को निवेश को लेकर प्रस्ताव मिले है, पर्यटन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में असीम संभावनाऍ है, उसको लेकर प्रस्ताव मिले है। पन्ना में डायमंड पार्क के लिए प्रस्ताव मिले है, हमारे वन क्षेत्र से जोड़कर स्थानीय युवाओं को किस प्रकार से रोजगार उपलब्ध करा सकते है, इसके भी प्रस्ताव मिले है, बड़े प्रोजेक्ट जो अधोसंरचना, सड़कों को लेकर हमने कैबिनेट में निर्णय किये है।

मंत्री परमार ने कहा कि मालवा, निमाड़, चंबल, बुंदेलखण्ड और बघेलखण्ड में मेडिकल शिक्षा के लिए, जब क्लब 6 मेडिकल कॉलेज होते थे, आज 19 मेडिकल कॉलेज बन चुके है। चार जिलो में राज्य सरकार पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज बना रही है।

प्रभारी मंत्री परमार ने प्रदेश में हुए चहुंमुखी विकास पर जानकारी देते हुए हर वर्ग के कल्याण कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जिले की 2 वर्ष की उपलब्धियां के बारे में अवगत कराया। उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए किए गए प्रयासों, योजना और उपलब्धियों नवाचार, अधोसंरचना विकास तथा सामाजिक क्षेत्र में उपलब्धियां तथा अन्य कार्यों के बारे में बात रखी। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने प्रेस के प्रतिनिधियों के प्रश्नों के जवाब भी दिये।

(Udaipur Kiran) / हंसा वैष्णव

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *