Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

भाजपा संचालित पंचायत समिति के कार्यालय में शिक्षा कर्माध्यक्ष की पिटाई का आरोप

आरोपित भाजपा विधायक

हुगली, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा संचालित पंचायत समिति के कार्यालय में ही शिक्षा कर्माध्यक्ष की पिटाई का आरोप खानाकुल के भाजपा विधायक सुशांत घोष पर लगा है। कुछ दिन पहले ही खानाकुल के बीडीओ कार्यालय में घुसकर उंगली उठाकर धमकी देने का आरोप इस भाजपा विधायक के खिलाफ लगा था। इस बार सोमवार अपराह्न शिक्षा कर्माध्यक्ष को कार्यालय के अंदर ही बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। घटना को लेकर राजनीतिक खींचतान शुरू हो गई है। इस मुद्दे पर भाजपा नेतृत्व ने मौन साध लिया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार अपराह्न खानाकुल दो नम्बर पंचायत समिति के कार्यालय में बैठक थी। वहां फेरीघाट के पैसे की वसूली को लेकर बहस शुरू हो गई! आरोप है कि उस समय विधायक सुशांत घोष ने शिक्षा कर्माध्यक्ष रबीन पटेल पर हमला किया। उन्हें थप्पड़, घूंसे मारे गए। घायल रबीन को बचाकर पहले खानाकुल ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें आरामबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रबीन पटेल का आरोप है, पार्टी के मंडल अध्यक्ष के नाम पर एक फेरीघाट लेकर खुद विधायक चलाते हैं। इस दिन पंचायत समिति की वित्त समिति की बैठक के दौरान फेरीघाट के पैसे को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने केवल एक लाख रुपये दिए हैं। साढ़े 20 लाख रुपये नहीं दिए। इस बारे में कहने पर मुझे बेरहमी से पीटा गया।

घटना को लेकर राजनीतिक बवाल शुरू हो गया है। तृणमूल की ओर से इस घटना की जोरदार निंदा की गई है। तृणमूल के राज्य सचिव स्वपन नंदी ने कहा कि पैसे के बंटवारे को लेकर भाजपा खुद ही मारपीट कर रही है। गुटबाजी को छिपाने की कोशिश की थी। वह सामने आ गई है।

आरामबाग सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष सुशांत बेरा ने कहा कि घटना के बारे में सुना है। पता लगा रहे हैं। उससे पहले कुछ नहीं कह सकते।

वहीं, आरोपित भाजपा विधायक ने कहा कि यह सब झूठी बातें हैं। शिक्षा कर्माध्यक्ष खड़े होकर चिल्ला रहे थे। तब पैर फिसलने से गिर गए। मैं उनके स्वास्थ्य की कामना करता हूं।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *