ऑनलाइन ठगी पर अलवर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बैंक खाते कमीशन पर उपलब्ध कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, 28 सितम्बर (Udaipur Kiran News)। अलवर जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चल रहे ऑपरेशन साइबर संग्राम के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। राजगढ़ थाना पुलिस ने साइबर ठगों को कमीशन पर बैंक खाते (म्यूल अकाउंट्स) उपलब्ध कराने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के संदिग्ध बैंक खातों में लगभग ₹2 करोड़ 6 लाख रुपये की साइबर फ्रॉड से जुड़ी लेन-देन पाई गई है। यह कार्रवाई एएसपी मुख्यालय कांबले शरण गोपीनाथ और एएसपी ग्रामीण डॉ. प्रियंका रघुवंशी के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने खाताधारक सोनिया मीना पुत्री धौल्याराम (20), प्रिया मीना पत्नी हरिराम (27), अनिल मीना पुत्र जगदीश (21), खाता सप्लायर संजय कुमार मीना पुत्र धोल्याराम (सभी निवासी राजगढ़, जिला अलवर) के साथ-साथ कमीशन पर पैसे निकालने वाले कपिल कुमार पुत्र हरेन्द्र सिंह जाट (25), मृदुल कुमार पुत्र कृष्ण कुमार (20) और अनिल सिंह जाट पुत्र अदयवीर सिंह (23) (सभी निवासी मथुरा, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आई सच्चाई
साइक्लोन सेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैंक ऑफ बड़ौदा और पंजाब एंड सिंध बैंक के दो संदिग्ध खातों में साइबर फ्रॉड की 40 शिकायतें दर्ज थीं। जांच में पता चला कि ये खाते प्रिया मीना और सोनिया मीना के नाम पर खुले थे, जिनमें “सोनिया ब्यूटी पार्लर” नाम से फर्म पंजीकृत थी। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि उन्होंने संजय और अनिल मीना से ये खाते ₹20-20 हजार रुपये में खरीदे थे, ताकि उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग और गेमिंग ऐप्स में उपयोग किया जा सके।
वास्तव में, ये खाते कपिल सिंह, मृदुल कुमार और अनिल सिंह जैसे साइबर ठगों को बेच दिए गए थे, जो इन खातों में ठगी की रकम जमा कर एटीएम से निकालते या क्रिप्टोकरेंसी (USDT) में बदलते थे।
गिरोह का तरीका-ए-वारदात
गिरोह भोले-भाले लोगों को पैसे का लालच देकर उनके नाम पर करंट या कॉर्पोरेट बैंक खाते खुलवाता था। बाद में इन खातों को साइबर ठगों को कमीशन पर बेच दिया जाता था। ठग इन खातों में ठगी की रकम डालकर यूपी में बैठे आरोपियों के जरिए पैसे निकालते या उन्हें डिजिटल करेंसी में बदलकर कमीशन हासिल करते थे।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लैपटॉप, 30 एटीएम कार्ड, 7 मोबाइल फोन, 2 चेक बुक और 2 हिसाब-किताब की डायरियां बरामद की हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।



