Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
CRIME

अंबिकापुर: दीवार के पीछे छिपकर किया वार, 20 लाख की लूट, चंद घंटों में पुलिस ने दबोचे आरोपित

लूट के आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में रविवार रात व्यवसायी पर हुए सनसनीखेज लूटकांड में सरगुजा पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। इस दौरान लूट की पूरी 20 लाख रुपये की नगद राशि और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

मामला 28 दिसंबर 2025 की रात का है, जब सज्जन कॉलोनी निवासी अंकित गोयल ने थाना कोतवाली अंबिकापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके मामा अनिल अग्रवाल रात करीब 9:30 बजे अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। सत्तीपारा रोड स्थित कैलाश मोड़ के पास दीवार के पीछे छिपे अज्ञात बदमाश ने अचानक डंडे से उनके सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाश उनके हाथ से रुपये से भरा बैग छीनकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

घटना की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 956/25 धारा 109(1), 311, 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की।

शहर के सभी प्रमुख निकास मार्गों पर कड़ी नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई, वहीं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध जगदीशपुर क्षेत्र के खेतों में छिपे हुए हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो भागते समय आरोपितों के पास से रुपये से भरा बैग गिर गया और कुछ दूरी पर खड़ी सफेद रंग की पल्सर एनएस मोटरसाइकिल छोड़कर वे फरार हो गए। पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल और बैग बरामद किया, जिसमें 18 लाख रुपये नगद थे।

इसके बाद फरार आरोपितों की पतासाजी तेज की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को फिर से जगदीशपुर के आसपास खेतों में उनके छिपे होने की जानकारी मिली। घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपितों की पहचान दीपक दास पिता जयमंगल दास (24 वर्ष) निवासी खालपारा अमगसी, लखनपुर और रोहित दास पिता भकुस दास निवासी भातुपारा, अंबिकापुर के रूप में हुई है। उनकी निशानदेही पर लूट की शेष 2 लाख रुपये की नगद राशि भी बरामद कर ली गई, जिससे कुल 20 लाख रुपये की रिकवरी पूरी हो गई।

पुलिस ने आज दोनों आरोपितों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, प्रदीप जायसवाल, उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अदीप सिंह, विवेक पांडेय, अजीत कुमार मिश्रा प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, अजय पांडेय, छत्रसाल सिंह, जयदीप सिंह, आरक्षक मनीष सिंह, विवेक राय, नितिन सिन्हा, देवेंद्र पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

(Udaipur Kiran) / पारस नाथ सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *