राजनीतिक खींचतान के बीच खड़गपुर नगरपालिका पर सवाल, चेयरपर्सन ने संभाला मोर्चा


खड़गपुर, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले की खड़गपुर नगरपालिका इन दिनों प्रशासनिक कमियों से अधिक राजनीतिक भीतरी गुटबाजी के कारण चर्चा के केंद्र में है। राज्य सरकार (गवर्नमेंट ऑफ वेस्ट बंगाल) की ओर से खड़गपुर नगरपालिका को भेजे गए आधिकारिक पत्र ने इस अंदरूनी खींचतान को और सतह पर ला दिया है। पत्र में नगर की बुनियादी सुविधाओं—पेयजल, सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट—को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
सरकारी पत्र के अनुसार, खड़गपुर शहर के कई इलाकों में पिछले एक वर्ष से जलापूर्ति संतोषजनक नहीं है। इसके साथ ही नियमित सफाई, कचरा प्रबंधन और नालियों की सफाई में भी कमी सामने आई है। शहर के विभिन्न हिस्सों में स्ट्रीट लाइट की खराब स्थिति ने आम नागरिकों की परेशानी बढ़ा दी है। इन्हीं आरोपों के आधार पर नगरपालिका के बोर्ड ऑफ काउंसिलर्स से जवाब मांगा गया है।
इस पूरे प्रकरण को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि नगरपालिका की आंतरिक गुटबाजी ने प्रशासनिक कार्यों की गति को प्रभावित किया है। सत्तारूढ़ दल के भीतर ही मतभेद और समन्वय की कमी का असर जमीनी कामकाज पर पड़ने की बात कही जा रही है।
इस बीच खड़गपुर नगरपालिका की चेयरपर्सन कल्याणी घोष रविवार सुबह सरकारी पत्र मिलने की पुष्टि करते हुए स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि नगरपालिका को इस समय मानव संसाधन की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते कुछ कार्यों में विलंब हुआ है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जहां-जहां जल संकट की स्थिति बनी है, वहां बोरिंग के माध्यम से वैकल्पिक जल व्यवस्था की गई है। पेयजल में गंदगी की शिकायतों पर उन्होंने बताया कि पानी की टंकियों की सफाई कराई जा चुकी है और अन्य आवश्यक सुधार कार्य भी लगातार चल रहे हैं।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच यह भी उल्लेखनीय है कि जनता के एक बड़े वर्ग में यह धारणा बनी हुई है कि चेयरपर्सन कल्याणी घोष ने अपने कार्यकाल में नगर के हर पहलू पर काम करने का प्रयास किया है।
समर्थकों का कहना है कि सीमित संसाधनों और आंतरिक राजनीतिक दबावों के बावजूद उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर पहल की है।
चेयरपर्सन ने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है और तय समय सीमा के भीतर हालात सामान्य कर दिए जाएंगे।
(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता



