Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मध्‍य प्रदेश में ठंड के बीच उत्तरी हिस्से में छा रहा घना कोहरा, 20 जिलों में ज्यादा असर, लुढ़का पारा

मौसम (फाइल फोटो)

– कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे

भोपाल, 20 दिसम्‍बर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से में घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। ग्वालियर-चंबल, रीवा, सागर संभाग सहित करीब 20 जिलों में कोहरा छाया हुआ है, जहां कई जगहों पर विजिबिलिटी मात्र 50 मीटर तक रह गई है। दूसरी ओर ठंड भी बढ़ गई है और कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। ऐसे में मौसम विभाग ने गाइडलाइन जारी की है। आज, शनिवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। कोहरे के कारण दिल्ली से भोपाल-इंदौर आने वाली कई ट्रेनें लेट हो रही हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है। इसके लौटने के बाद मध्‍य प्रदेश में असर देखने को मिलेगा। सर्द हवाओं की वजह से ठंड का मिजाज और भी बढ़ सकता है। वर्तमान में भी उत्तरी हवाएं चल रही हैं। इस वजह से इंदौर, राजगढ़, शाजापुर और भोपाल में दिन भी ठंडे हैं। वहीं, देर रात और सुबह के समय कोहरे का असर सबसे ज्यादा रहता है। इस दौरान सुरक्षित सफर को लेकर गाइडलाइन भी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग करने की सलाह दी है। कहा है कि कम विजिबिलिटी की वजह से अनावश्यक यात्रा से बचें। जरूरी हो तो कार का फॉग लैंप और बीम हेडलाइट का उपयोग करें। ड्राइविंग धीरे करें।

मौसम विभाग ने आज शनिवार को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट और जबलपुर, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया-शहडोल में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। जहां सुबह घना कोहरा देखने को मिला। यहां सुबह 10 बजे तक कोहरा छाने का अनुमान है। शुक्रवार की रात प्रदेश के कई शहरों में पारा काफी लुढ़क गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 6.4 डिग्री, इंदौर में 4.1 डिग्री, ग्वालियर में 11.4 डिग्री, उज्जैन में 7.2 डिग्री और जबलपुर में 8.6 डिग्री रहा।

शिवपुरी सबसे ठंडा रहा। सबसे कम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। शाजापुर में 4.1 डिग्री, राजगढ़ में 5 डिग्री, मंदसौर में 5.4 डिग्री, पचमढ़ी में 5.6 डिग्री, मलाजखंड में 6.8 डिग्री, रायसेन में 7.4 डिग्री, मंडला में 7.7 डिग्री, बैतूल-उमरिया में 7.8 डिग्री, सागर-नरसिंहपुर में 9 डिग्री, गुना-रतलाम में 9.2 डिग्री, खरगोन-छिंदवाड़ा में 9.6 डिग्री और दमोह में पारा 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश में रात के साथ दिन भी ठंडे हैं। शनिवार को कई शहरों में पारा 25 डिग्री से कम रहा। सबसे ठंडा बालाघाट का मलाजखंड रहा। यहां पारा 20.7 डिग्री दर्ज किया गया। रीवा में 20.8 डिग्री, जबलपुर-दतिया में 21.3 डिग्री, नौगांव में 21.7 डिग्री, उमरिया में 21.9 डिग्री, सतना में 22.2 डिग्री, खजुराहो में 22.9 डिग्री, नरसिंहपुर में 23.4 डिग्री, मंडला में 23.5 डिग्री, ग्वालियर में 23.6 डिग्री, दमोह में 23.4 डिग्री रहा। वहीं, भोपाल में 25.5 डिग्री, इंदौर में 27 डिग्री और उज्जैन में 28.5 डिग्री दर्ज किया गया।

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *