अंकित सैनी बने आईआईटी रुड़की कर्मचारी संघ के अध्यक्ष

विजेता प्रत्याशियों का स्वागत

हरिद्वार, 12 दिसंबर (Udaipur Kiran) . आआईटी रुड़की कर्मचारी संघ चुनाव 2026–27 की मतगणना के उपरांत परिणाम घोषित किए गए. अध्यक्ष पद पर अंकित सैनी ने 285 मत प्राप्त कर 112 मतों के उल्लेखनीय अंतर से विजय हासिल की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी एवं लगातार तीन कार्यकाल से अध्यक्ष रहे नवीन कुमार को 173 मत प्राप्त हुए. महासचिव पद पर योगेंद्र वलथरे ने 289 मत प्राप्त कर सचिन कुमार (169 मत) को पराजित किया.

उपाध्यक्ष (लिपिक) पद पर रोहित कुमार सिंह, उपाध्यक्ष (तकनीकी) पद पर चंद्र मोहन जोशी, तथा उपाध्यक्ष (सी-एमटीएस) पद पर हसनैन विजयी रहे. अतिरिक्त सचिव (लिपिक) पद पर अंकेश कुमार, अतिरिक्त सचिव (तकनीकी) पद पर विकास कुमार शर्मा, अतिरिक्त सचिव (सी-एमटीएस) पद पर मनोज कुमार और कोषाध्यक्ष पद पर देवेश कुमार शर्मा ने सफलता प्राप्त की.

परिणामों की घोषणा चुनाव अधिकारी प्रो. अजय वासन एवं सहायक चुनाव अधिकारी मयंक प्रताप सिंह द्वारा की गई, जिसके पश्चात अंकित सैनी ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि यह जीत कर्मचारियों के विश्वास की जीत है और आने वाले कार्यकाल में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सभी कर्मचारियों की आवाज को प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि कर्मचारी हितों की रक्षा और सुचारू संवाद उनकी टीम की पहली प्राथमिकता रहेगी.

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Leave a Comment