Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

युवभारती में तोड़फोड़ मामले में एक और गिरफ्तारी, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान

मेसी 3

कोलकाता, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

सॉल्टलेक स्थित युवभारती क्रीड़ांगन में मशहूर फुटबॉलर लियोनेल मेसी के दौरे के दौरान हुई तोड़फोड़ की घटना में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। विधाननगर दक्षिण थाने की पुलिस ने रूपक मंडल नाम के युवक को हिरासत में लिया है, जिसकी पहचान घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित का घर ईएम बाइपास से सटे चिंगड़िघाटा इलाके में है। इस गिरफ्तारी के साथ ही युवभारती में हुई हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।

इधर, इस मामले की जांच कर रही राज्य पुलिस की विशेष जांच टीम ने बुधवार सुबह युवभारती क्रीड़ांगन का दौरा किया। सिट के चार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हालात का जायजा लिया। इसके बाद जांच टीम स्टेडियम से सटे विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के कार्यालय पहुंची, जहां कुछ समय तक रहने के बाद टीम वहां से रवाना हो गई।

दरअसल, फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के कोलकाता दौरे के दौरान शनिवार को युवभारती क्रीड़ांगन में भारी अव्यवस्था फैल गई थी। महंगे दाम पर टिकट खरीदने के बावजूद दर्शकों को मेसी को ठीक से देखने का मौका नहीं मिल पाया, जिससे गुस्सा भड़क उठा। जानकारी के अनुसार, मेसी, लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल करीब 20 मिनट तक ही मैदान में मौजूद रहे। इस दौरान उन्हें चारों ओर से घेर लिया गया था। इस भीड़ में राज्य के मंत्री अरूप विश्वास भी शामिल थे। भीड़ के कारण गैलरी में बैठे दर्शक मेसी समेत अन्य खिलाड़ियों को देख ही नहीं पाए।

खिलाड़ियों के स्टेडियम छोड़ते ही दर्शकों का गुस्सा फूट पड़ा। अव्यवस्था के आरोप लगाते हुए गैलरी में लगे होर्डिंग फाड़ दिए गए। इसके बाद बोतलें फेंकी जाने लगीं और गैलरी की कुर्सियां तोड़ दी गईं। हालात इतने बिगड़ गए कि मैदान की फेंसिंग तोड़कर चारों ओर से उग्र भीड़ मैदान में घुस गई। इस घटना के बाद विधाननगर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान सोमवार को पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें वासुदेव दास, संजय दास, अभिजीत दास, गौरव बोस और शुभ्रप्रतिम दे शामिल हैं। पुलिस ने बताया था कि इन सभी की पहचान भी सीसीटीवी कैमरों की मदद से की गई। बुधवार को हुई ताजा गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है। इसके अलावा, सॉल्टलेक स्टेडियम में हुई अव्यवस्था के मामले में शनिवार के कार्यक्रम के मुख्य आयोजक शतद्रु दत्त को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

उल्लेखनीय है कि युवभारती कांड की जांच के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर एक जांच समिति गठित की गई थी। इस समिति में राज्य के मुख्य सचिव और गृह सचिव शामिल थे। सेवानिवृत्त न्यायाधीश असीम कुमार राय के नेतृत्व वाली इस समिति ने सोमवार रात अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें विशेष जांच टीम गठित करने की सिफारिश की गई थी। इस सिफारिश को मानते हुए मंगलवार को राज्य पुलिस ने चार सदस्यीय सिट का गठन किया। जांच टीम में राज्य पुलिस के एडीजी पीयूष पांडे, बैरकपुर के पुलिस आयुक्त मुरलीधर, एडीजी कानून व्यवस्था जावेद शमीम और एडीजी दक्षिण बंगाल सुप्रतिम सरकार शामिल हैं।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *