उदयपुर को मिली एक और सौगात: पीएम मोदी ने वर्चुअल माध्यम से उदयपुर-चंडीगढ़ ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
उदयपुर, 25 सितम्बर (Udaipur Kiran News)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बांसवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से उदयपुर-चंडीगढ़ रेल सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर जिला स्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।

यह नई रेल सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित होगी और इसका नियमित संचालन 27 सितम्बर से शुरू होगा। इस सुविधा से मेवाड़ क्षेत्र के यात्रियों को उत्तर भारत के विभिन्न शहरों तक सुगम आवागमन मिलेगा।
उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, गोगुन्दा विधायक प्रताप भील, समाजसेवी रविन्द्र श्रीमाली सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और आमजन मौजूद रहे।
अतिथियों ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उदयपुर-चंडीगढ़ रेल सेवा से न केवल पर्यटन और आर्थिक विकास को नई ऊँचाइयाँ मिलेंगी, बल्कि व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। चंडीगढ़ से सीधा रेल संपर्क होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और आमजन को सुरक्षित व सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में रेलवे अधिकारी और स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



