
बरेली, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) . Uttar Pradesh में भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली मंडल की टीम ने एण्टी पावर थैफ्ट थाना बरेली के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार यादव को ₹5,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई मंगलवार दोपहर करीब 12:25 बजे निरीक्षक कक्ष में की गई.
शिकायतकर्ता सुभाष शर्मा, निवासी आलमपुर जाफराबाद ने संगठन को बताया था कि उनके और उनके पिता से जुड़े दो मुकदमों (मु.अ.सं. 9648/2025 व 9649/2025) में जमानत कराने के एवज में निरीक्षक द्वारा ₹5,000 की मांग की जा रही है. शिकायत का संज्ञान लेते हुए ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने टीम के साथ योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और आरोपी को रिश्वत की रकम लेते ही पकड़ लिया.
जितेंद्र सिंह प्रभारी निरीक्षक भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली ने बताया कि शिकायत प्राप्त होते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई की. आरोपी को राशि प्राप्त करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है. उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है. किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
(Udaipur Kiran) / देश दीपक गंगवार
