Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

अनूपपुर: ढाई साल से फरार नर्स छत्तीसगढ़ के कोरबा से गिरफ्तार, भेजी गई जेल

गिरफ्तार नर्स

अवैध गर्भपात के दौरान महिला की हुई थी मौत

अनूपपुर , 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली पुलिस ने ढाई साल से फरार चल रही नर्स रेखा गोयल को छत्तीसगढ़ के कोरबा से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से रविवार काे जेल भेज दिया गया। रेखा गोयल पर अवैध गर्भपात के कारण एक महिला की मृत्यु होने पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर ने इसकी गिरफ्तारी पर 3000 रुपए का इनाम घोषित किया था।

घर में गर्भपात करने पर हुई थी मौत

यह मामला 10 जून 2023 का है, जब जैतहरी थाना क्षेत्र के महुदा गांव निवासी 38 वर्षीय अनुसुइया बाई राठौर को पेट दर्द की शिकायत के बाद उनके पति विजय राठौर अनूपपुर के शासकीय जिला चिकित्सालय ले गए थे। अस्पताल में नर्स रेखा गोयल ने अनुसुइया को गर्भपात कराने के लिए अगले दिन 11 जून 2023 को अपने निवास पर बुलाया। रेखा गोयल ने 10,000 रुपए में गर्भपात कराने का वादा कर 5,000 रुपए लिए और अपने घर पर अनुसुइया को गर्भपात की दवाइयां दीं। उसी रात करीब 11 बजे अनुसुइया को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा और उनकी हालत बिगड़ गई। नर्स रेखा गोयल ने उन्हें अपने घर से जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद 12 जून 2023 को कोतवाली अनूपपुर थाने में मर्ग कायम किया गया। जांच के दौरान नर्स रेखा गोयल के घर से गर्भपात के टैबलेट और इंजेक्शन जप्त किए गए। पुलिस जांच में पाया गया कि शासकीय जिला अस्पताल अनूपपुर में कार्यरत नर्स रेखा गोयल को गर्भपात या इलाज का कोई अधिकार नहीं था, फिर भी उन्होंने अनुसुइया को दवाइयां दीं, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद 16 जून को गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया। गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज होते ही रेखा गोयल अपने घर और अनूपपुर से फरार हो गई थीं। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान ने उनकी गिरफ्तारी पर 3000 रुपए का इनाम घोषित किया था और उन्हें निलंबित भी कर दिया गया था।

अग्रिम जमानत खारिज

उच्च न्यायालय जबलपुर ने भी उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। शनिवार को रेखा गोयल (पति विकास सिंह पवार), बिहारी कॉलोनी अनूपपुर की निवासी को राजीव विहार कॉलोनी, आईटीआई रामपुर, कोरबा (छत्तीसगढ़) से गिरफ्तार किया गया।

(Udaipur Kiran) / राजेश शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *