Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

अनूपपुर: व्यक्ति की सोच ही उसकी सबसे बड़ी ताकत,प्रशासन व बैंक मिलकर दिव्यांगों को दिलाएं स्वरोजगार के अवसर- संभागायुक्त

संभागायुक्त प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत संभागायुक्त पौधरोपण करते हुए
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत रक्तदान करने वाले कमलाकर गौतम काे सम्मानित करती संभागायुक्त

अनूपपुर, 29 सितंबर (Udaipur Kiran News) । दिव्यांग होना अभिशाप नहीं, व्यक्ति की सोच ही उसकी सबसे बड़ी ताकत होती है। दृढ़ संकल्प से वह अवश्य सफलता अर्जित करता है। ग्रामीण रोजगार प्रशिक्षण संस्थान अनूपपुर द्वारा संचालित प्रशिक्षण की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे इसे गंभीरता एवं मनोयोग से ग्रहण करें। यह प्रशिक्षण दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत आधार प्रदान करेगा।

यह बात सोमवार को शहडोल संभागायुक्त सुरभि गुप्ता ने ग्रामीण रोजगार प्रशिक्षण संस्थान अनूपपुर में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत दिव्यांग जन प्रशिक्षण समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। यह प्रशिक्षण सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत मध्य प्रदेश डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन तथा ग्रामीण रोजगार प्रशिक्षण संस्थान अनूपपुर द्वारा 23 से 28 सितंबर तक आयोजित किया गया। जिसमें लगभग 35 दिव्यांगों को रोजगार हेतु प्रशिक्षण दिया गया।

संभागायुक्त ने कहा कि शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को आत्मसम्मान एवं रोजगार के अवसर प्रदान करना है। ऐसे कार्यक्रम न सिर्फ कौशल विकास का माध्यम हैं, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन तथा बैंक के माध्यम से सभी दिव्यांग जनों को रोजगार हेतु विभिन्न योजनाओं का लाभ तथा सहायता दिलाई जाएगी, जिससे दिव्यांगों को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त हो सके। इस दौरान संभागायुक्त ने प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों से भी सीधा संवाद किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थी राहुल राठौर, केशव नापित सहित अन्य प्रशिक्षणार्थियों से प्राप्त हो रहे प्रशिक्षण के अनुभवों के बारे में जानकारी ली। साथ ही उनसे भविष्य में अपनाए जाने वाले स्वरोजगार योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस संवाद के माध्यम से कमिश्नर ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान बैंक के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि ग्रामीण स्व-रोजगार प्रशिक्षण संस्थान बैंक एवं शासन के संयुक्त प्रयास से संचालित संस्था है, जहां युवाओं, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को निःशुल्क आवासीय कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर स्वरोजगार हेतु बैंकिंग मार्गदर्शन और योजनाओं से जोड़ा जाता है। व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ सतत् फॉलोअप इसकी प्रमुख विशेषता है, जिससे ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का सशक्त अवसर मिलता है।

संभागायुक्त ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए नोहर सिंह, गोमती सिंह, गिरधारी लाल विश्वकर्मा, प्रतिभा राठौर, भूषण राठौर, सत्य प्रकाश पटेल एवं पुरुषोत्तम पनिका को प्रमाण पत्र वितरित कर सभी प्रशिक्षणार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रमाण पत्र सिर्फ उपलब्धि का नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की ओर नए सफर की शुरुआत का प्रतीक है।

संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने किया आम का पौधरोपण

संभागायुक्त सुरभि गुप्ता एवं कलेक्टर हर्षल पंचोली ने सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत ग्रामीण रोजगार प्रशिक्षण संस्थान अनूपपुर परिसर में आम के पौधे का रोपण किया। उन्होंने पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। इस दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया प्रणव कपूर, अपर कलेक्टर दिलीप कुमार पांडेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर कमलेश पुरी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक दिलीप निगम सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रक्तदान शिविर का संभागायुक्त ने किया निरीक्षण

जिला चिकित्सालय अनूपपुर में सेवा पखवाड़ा अन्तर्गत आयोजित रक्तदान शिविर का संभागायुक्त सुरभि गुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि 20 व्यक्तियों ने अबतक द्वारा पंजीयन कराया है, जिनमें से 17 व्यक्तियों द्वारा स्वैच्छिक रूप से रक्तदान कर चुकें है। संभागायुक्त द्वारा रक्तदाताओं से संवाद स्थापित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से शिविर की व्यवस्थाओं एवं संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त की गई। इस अवसर पर सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत रक्तदान करने वाले कमलाकर गौतम, सिमरन सोनी, धनीराम सिंह, सियालाल कोल, जोशी प्रसाद यादव, केसर सिंह एवं विवेक समदड़िया को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। संभागायुक्त द्वारा अधिक से अधिक नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान हेतु प्रेरित होने का आव्हान किया गया।

(Udaipur Kiran) / राजेश शुक्ला

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *