बंगाल में तुष्टीकरण आधिकारिक नीति बन गया है – अमित मालवीय का तृणमूल सरकार पर हमला

कोलकाता, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बंगाल में शिक्षा व्यवस्था की हालत और तृणमूल सरकार की नीतियों को लेकर भाजपा नेता अमित मालवीय ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में तुष्टीकरण एक आधिकारिक नीति बन गई है।
अमित मालवीय ने अपनी पोस्ट में लिखा, जब शिक्षा व्यवस्था चरमरा रही है, तृणमूल सरकार ने मदरसा शिक्षा के विस्तार के लिए पांच हजार 600 करोड़ आवंटित किए हैं। यह किसके लिए है—विकास के लिए या वोट बैंक की खेती के लिए?
उन्होंने आगे लिखा, सिद्धांत बिक्री के लिए हैं, वोट डिस्काउंट पर हैं, जिसके परिणामस्वरूप कमजोर पुलिसिंग, उग्रवादियों का हौसला बढ़ना और सामाजिक सद्भाव टूटना देखने को मिल रहा है।
मालवीय ने कहा कि यह धर्मनिरपेक्षता नहीं है, बल्कि वोटों के लिए समर्पण है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सच्ची धर्मनिरपेक्षता का मतलब समान न्याय और मजबूत शासन है। बंगाल को ऐसे स्कूलों की जरूरत है जो भविष्य बनाएं, ऐसी पुलिसिंग की जरूरत है जो कानून लागू करे, और साहस वाले नेतृत्व की जरूरत है—न कि तुष्टीकरण की राजनीति की, जो सार्वजनिक सुरक्षा को मतपत्रों के बदले बेच दे।
अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, जागो, बंगाल।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय



