Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

सेब कारोबारी से 44 लाख की ठगी, सेब खरीदकर नहीं चुकाए 44 लाख, एफआईआर

Froud

शिमला, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजधानी शिमला के ढली सब्जी मंडी में सेब कारोबार से जुड़ी बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। सेब सीजन 2024 के दौरान एक बाहरी व्यापारी ने करोड़ों रुपये के सेब खरीदने के बाद पूरा भुगतान नहीं किया और करीब 44 लाख रुपये की रकम हड़प ली। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर ढली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता विकास शर्मा पुत्र नारायण दत्त शर्मा एम/एस विकास फ्रूट कंपनी के मालिक हैं। उनकी दुकान नंबर-4, एपीएमसी सब्जी मंडी ढली शिमला में स्थित है।

शिकायत में बताया गया है कि सेब सीजन 2024 के दौरान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के गांव घुगुरमल निवासी पवन कुमार उर्फ पाबन कुमार उर्फ मिथुन पुत्र कांथो लाल ने उनकी दुकान से सेब खरीदे। आरोपी वर्तमान में न्यू शिमला में रह रहा था। आरोपी ने विकास फ्रूट कंपनी से कुल 1 करोड़ 18 लाख 25 हजार 310 रुपये के सेब खरीदे।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने सेब खरीदने के बाद आंशिक भुगतान किया। कुल रकम में से 73 लाख 71 हजार 316 रुपये विकास फ्रूट कंपनी के पंजाब नेशनल बैंक, संजौली शाखा, शिमला में स्थित खाते में जमा करवाए गए। इसके बाद आरोपी ने बाकी रकम का भुगतान नहीं किया और संपर्क से बाहर हो गया।

विकास शर्मा ने आरोप लगाया कि आरोपी ने जानबूझकर विश्वास में लेकर सेब खरीदे और बाद में 44 लाख 53 हजार 994 रुपये की शेष राशि का भुगतान किए बिना धोखाधड़ी की। कई बार संपर्क करने के बावजूद जब भुगतान नहीं हुआ तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

ढली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि आरोपित के ख़िलाफ़ उचित कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

बता दें कि हिमाचल में हर साल सेब सीजन के दौरान सेब कारोबार से जुड़े लोगों के साथ ठगी के मामले सामने आते हैं। इससे पहले अप्पर शिमला के रोहडू और ठियोग में भी सेब आढ़तियों से ठगी हो चुकी है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *