Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
BUSINESS

(अपडेट) स्टॉक मार्केट में एप्टस फार्मा ने जोरदार एंट्री करके आईपीओ निवेशकों को किया खुश

एप्टस फार्मा की मजबूत शुरुआत से मुनाफे में आईपीओ निवेशक

नई दिल्ली, 30 सितंबर (Udaipur Kiran News) । फार्मा सेक्टर की कंपनी एप्टस फार्मा के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में मजबूत एंट्री करके अपने आईपीओ निवेशकों को खुश कर दिया। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 70 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इसकी लिस्टिंग 15.4 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 80.80 रुपये के स्तर पर हुई।

लिस्टिंग के बाद लिवाली के सपोर्ट से कंपनी के शेयरों के भाव में और तेजी का रुख बना। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दिन के दूसरे सत्र में कंपनी के शेयर उछल कर 84.84 रुपये के अपर सर्किल लेवल तक पहुंच गए और इसी स्तर पर बंद हुए। इस तरह पहले दिन के कारोबार में कंपनी के आईपीओ निवेशकों को 21.20 प्रतिशत का मुनाफा हो गया।

एप्टस फार्मा का 13.02 करोड़ रुपये का आईपीओ 23 से 25 सितंबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 22.27 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 1.24 गुना सब्सक्राइब हुआ था। नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 28.75 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसी तरह रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 31.43 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 18,60,000 नए शेयर जारी किए गए हैं। आईपीओ के जरिये जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी अपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।

कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें, तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को 19 लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 80 लाख रुपये और 2024-25 में उछल कर 3.10 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का राजस्व 38 प्रतिशत वार्षिक से अधिक की चक्रवृद्धि दर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ कर 24.64 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

इस दौरान कंपनी पर कर्ज में भी लगातार बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2022-23 के आखिर में कंपनी का कर्ज 2.21 करोड़ रुपये था, जो वित्त वर्ष 2023-24 के आखिर में बढ़ कर 5.31 करोड़ रुपये हो गया। इसी तरह वित्त वर्ष 2024-25 के आखिर में कंपनी का कर्ज उछल कर 10.36 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस अवधि में कंपनी के रिजर्व और सरप्लस की बात करें, तो वित्त वर्ष 2022-23 के आखिरी में ये 67 लाख रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2023-24 के आखिरी में बढ़ कर 1.47 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2024-25 के आखिरी में उछल कर 1.97 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

—————

(Udaipur Kiran) / योगिता पाठक

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *