Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

धमतरी : पांच सौ सीटर आडिटोरियम से कलाकारों को मिलेगा मंच, निर्माण कार्य अब भी जारी

सिहावा चौक के पास नगरी रोड के पास बन रहा आडिटोरियम।

धमतरी, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । करोड़ों से निर्मित 500 सीटर अत्याधुनिक आडिटोरियम की सुविधा लेने शहरवासियों को बेसब्री से इंतजार है, लेकिन निर्माण शुरू होने के नौ साल बाद भी पूरा नहीं हो सका। दो पूर्व महापौर के कार्यकाल निकल गए, अब तीसरे नंबर के महापौर रामू रोहरा को जिम्मेदारी मिली है। देखना यह है कि सर्वसुविधायुक्त आडिटोरियम शहरवासियों को कब तक मिल पाएगा।

सिहावा चौक के पास नगरी रोड में करोड़ों के अत्याधुनिक आडिटोरियम का निर्माण लंबे समय से अटका है। अब शहरवासियों को इसके पूर्ण होने का बेसब्री से इंतजार है। नगर निगम धमतरी द्वारा संचालित इस परियोजना के अंतर्गत पूर्व में सिविल (स्ट्रक्चर) से संबंधित कार्य लगभग 3.70 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण किए जा चुके हैं। शेष आंतरिक एवं बाह्य विकास कार्यों के लिए सात करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, इसकी घोषणा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा की गई थी।

बताया गया है कि, लंबे समय से प्रतीक्षित इस महत्वाकांक्षी परियोजना की निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है तथा शासन स्तर पर दर अनुमोदन की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। अनुमोदन प्राप्त होते ही शेष निर्माण कार्य तेजी से प्रारंभ किया जाएगा।निर्माण पूर्ण होने के उपरांत आडिटोरियम में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इनमें सुव्यवस्थित सीटिंग अरेंजमेंट एवं चेयर इंस्टालेशन, उच्च गुणवत्ता का एकास्टिक ट्रीटमेंट, एचवीएसी (एयर कंडीशनिंग एवं वेंटिलेशन सिस्टम), फाल्स सीलिंग, कैटवाक पाथवे, संपूर्ण विद्युतीकरण, ड्रेनेज सिस्टम तथा इलेक्ट्रिकल कक्ष का निर्माण शामिल है ।इस अत्याधुनिक आडिटोरियम के निर्माण से धमतरी शहर को एक नई पहचान मिलेगी। यहां सांस्कृतिक, शैक्षणिक, सामाजिक एवं शासकीय कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक सुसज्जित मंच उपलब्ध होगा। स्थानीय कलाकारों एवं संस्थाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शन का बेहतर अवसर प्राप्त होगा, वहीं बड़े आयोजनों की संभावनाएं भी सुदृढ़ होंगी।

—————

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *