Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

मेसी विवाद के बाद अरूप विश्वास के इस्तीफे की पेशकश, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लिखा पत्र

मेसी 3

कोलकाता, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । युवभारती क्रीड़ांगन में 13 दिसंबर को लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्था के बाद राज्य के खेल मंत्री अरूप विश्वास ने अपने पद से इस्तीफा देने की इच्छा जताई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक पत्र लिखकर पद से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया है। अरूप विश्वास का यह पत्र अब सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिससे राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

13 दिसंबर को युवभारती में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली थी। हजारों दर्शकों ने महंगे टिकट खरीदकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया, लेकिन स्टेडियम में मौजूद होने के बावजूद उन्हें लियोनेल मेसी की झलक तक नहीं मिल सकी। आरोप है कि मैदान के बीच मंत्री और अति विशिष्ट अतिथियों की भीड़ मेसी के चारों ओर घेराबंदी किए रही, जिससे आम दर्शक खुद को ठगा हुआ महसूस करने लगे। इस घटना ने न केवल कोलकाता, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शहर की छवि को नुकसान पहुंचाया।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद सबसे अधिक नाराजगी अरूप विश्वास को लेकर सामने आई। सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियो और तस्वीरें वायरल हुईं, जिनमें वह कैमरे के सामने लगातार मेसी के साथ नजर आ रहे थे। इन्हीं तस्वीरों और वीडियो के चलते खेल मंत्री को तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। विपक्ष के साथ साथ आम लोग भी सरकार और आयोजन व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे।

इसी पृष्ठभूमि में अरूप विश्वास द्वारा मुख्यमंत्री को हाथ से लिखा पत्र सामने आया है। हालांकि अभी तक न तो अरूप विश्वास और न ही तृणमूल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की ओर से इस पत्र को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आई है। पार्टी के एक नेता ने सोशल मीडिया पर इस पत्र का उल्लेख जरूर किया है।

सूत्रों के अनुसार, अरूप विश्वास द्वारा भेजे गए इस इस्तीफे को स्वीकार किए जाने की संभावना जताई जा रही है। युवभारती कांड के बाद से राज्य सरकार पर लगातार दबाव बना हुआ है और इस पत्र को उसी दबाव का नतीजा माना जा रहा है। अब सबकी नजर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अगले फैसले पर टिकी हुई है।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *