Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WORLD

‘नो किंग्स’ रैली में सीनेटर क्रिस मर्फी ने ट्रंप को बताया अमेरिकी इतिहास का सबसे भ्रष्ट राष्ट्रपति

वॉशिंगटन डीसी, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । अमेरिकी सीनेटर क्रिस मर्फी ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को “अमेरिका के इतिहास का सबसे भ्रष्ट राष्ट्रपति” करार दिया है। वह यह टिप्पणी वॉशिंगटन डीसी में आयोजित एक राजनीतिक रैली ‘नो किंग्स’ को संबोधित करते हुए की।

मर्फी ने अपने संबोधन में कहा कि ट्रंप खुद को “राजा” समझते हैं और मानते हैं कि सरकार के बंद रहने (शटडाउन) के दौरान वे अधिक शक्तियों के साथ कार्य कर सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा, “ट्रंप सोचते हैं कि वे राजा हैं और सरकार बंद रहने पर और भी भ्रष्ट तरीके से काम कर सकते हैं, लेकिन वे ऐसा नहीं कर सकते। शटडाउन के दौरान उन्हें कोई नई या अतिरिक्त शक्तियां नहीं मिलतीं।”

सीनेटर मर्फी ने वर्तमान सरकारी शटडाउन पर भी कटाक्ष किया, इसे रिपब्लिकन नेताओं की “अनियोजित छुट्टी” करार दिया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच हफ्तों से रिपब्लिकन नेता राजधानी से दूर हैं, जिससे प्रशासनिक कामकाज बाधित हुआ है।

उन्होंने ट्रंप पर लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश का आरोप लगाते हुए कहा, “वह एक सुनियोजित योजना के तहत उन सभी संस्थाओं और मूल्यों को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं जो हमारे लोकतंत्र की रक्षा करते हैं, जैसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, निष्पक्ष चुनाव, स्वतंत्र मीडिया और शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार।”

हालांकि, मर्फी ने यह भी कहा कि “ट्रंप अभी तक सफल नहीं हुए हैं” और यह कि “इस देश में सत्ता अब भी जनता के हाथों में है।”

यह रैली अमेरिकी राजनीतिक माहौल में हालिया तनाव के बीच आयोजित की गई, जहां ट्रंप के समर्थकों और विरोधियों के बीच आगामी चुनावों को लेकर माहौल तेजी से गर्म होता जा रहा है।

——————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *