Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

लोकतांत्रिक मर्यादाओं और मानवीय मूल्यों का जीवंत प्रतीक रहा है अटलजी का संपूर्ण जीवन: मुख्यमंत्री धामी

आंध्रप्रदेश के अन्नामय्या जिले के मदनपल्ली में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

– आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का धामी ने किया अनावरण

देहरादून, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले के मदनपल्ली में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की एक प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धामी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयीजी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मर्यादाओं एवं मानवीय मूल्यों का जीवंत प्रतीक रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने ‘अटल-मोदी सुशासन यात्रा’ में भी प्रतिभाग किया और जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर आंध्र प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित इस यात्रा में उपस्थित होकर वह स्वयं को गौरवान्वित अनुभव कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटलजी के नेतृत्व में भारत ने पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, ग्राम सड़क योजना और दूरसंचार क्रांति जैसी अनेक उपलब्धियां हासिल कीं। देश में गठबंधन सरकार का सफल कार्यकाल पूरा कर उन्होंने यह साबित किया कि जब उद्देश्य राष्ट्र की प्रगति हो, तो सभी दल एकजुट होकर कार्य कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी योजनाओं के माध्यम से भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त रूप से आगे बढ़ रहा है। आज भारत विश्व की एक अग्रणी आर्थिक शक्ति बनने के साथ-साथ रक्षा, अंतरिक्ष और अवसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि अटलजी की प्रेरणा से आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की दिशा में निरंतर नई ऊंचाईयों को प्राप्त कर रहा है। मोदी सरकार के कार्यकाल में देश के 99 प्रतिशत गांव सड़कों से जुड़ चुके हैं, जबकि स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन क्षेत्र में भी ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिले हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक तथा बदरीनाथ व केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण इसके उदाहरण हैं।

उन्होंने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति, ट्रिपल तलाक उन्मूलन, नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और वक्फ संशोधन जैसे ऐतिहासिक निर्णयों से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को सशक्त आधार मिला है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पोलावरम परियोजना, औद्योगिक शहरों, नाइट विज़न फैक्टरी, सेमीकंडक्टर इकाई आदि के माध्यम से राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटलजी की प्रेरणा से ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण संभव हुआ और आज प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड शिक्षा, स्वास्थ्य, स्टार्टअप, रोजगार और सुशासन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बन चुका है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करना, धर्मांतरण विरोधी कानून और लैंड जिहाद के विरुद्ध कड़े कदम इसी दिशा में उठाए गए हैं।

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *