बांग्लादेश में संसदीय चुनाव लड़ेंगे अटॉर्नी जनरल असदुज्जामा, 27 दिसंबर को देंगे पद से इस्तीफा

ढाका, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने झेनाइदह-1 निर्वाचन क्षेत्र से अटॉर्नी जनरल मोहम्मद असदुज्जमां को अपना उम्मीदवार बनाया है। राष्ट्रीय संसदीय चुनाव लड़ने के लिए वह 27 दिसंबर को अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
असदुज्जमां ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी कि वह आगामी 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में झेनाइदह-1 निर्वाचन क्षेत्र से बीएनपी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे।
जुलाई में हुए जन आंदोलन और उसके बाद शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के हटने के बाद सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता असदुज्जमां को 08 अगस्त 2024 को अटॉर्नी जनरल नियुक्त किया गया था। अटॉर्नी जनरल नियुक्त होने के बाद उन्होंने बीएनपी के मानवाधिकार मामलों के सचिव पद से इस्तीफा दे दिया था। वर्ष 2018 के संसदीय चुनाव में भी उन्होंने बीएनपी उम्मीदवार के रूप में इसी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था।
बांग्लादेश चुनाव आयोग ने 12 दिसंबर को संसदीय चुनाव के कार्यक्रमों की घोषणा की थी। संसदीय चुनाव के लिए 12 फ़रवरी को मतदान होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 29 दिसंबर है और नामांकन पत्रों की जांच 30 दिसंबर से 4 जनवरी तक होगी।
———–
(Udaipur Kiran) / पवन कुमार



