Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
BUSINESS

एक्सिस बैंक और गूगल पे ने लॉन्च किया ‘फ्लेक्स’ क्रेडिट कार्ड

गूगल पे फ्लेक्स एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड के लॉन्चिंग का जारी फोटो

नई दिल्‍ली/नागपुर, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । एक्सिस बैंक और गूगल पे ने मिलकर गूगल पे फ्लेक्स एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया है। यह अपनी तरह का पहला को-ब्रांडेड कार्ड है, जो क्रेडिट खर्च को सीधे भारत के यूपीआई इकोसिस्टम में लाता है।

एक्सिस बैंक की तरफ से गुरुवार को जारी की गई जानकारी में बताया गया है कि गूगल के साथ मिलकर ‘गूगल पे फ्लेक्स एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड’ लॉन्च किया गया है। ये एक यूपीआई आधारित को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड है, जिसे भारत की बदलती वित्तीय जरूरतों को सरल और बेहतर बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।

बैंक के मुताबिक रुपे नेटवर्क पर आधारित यह कार्ड क्रेडिट अनुभव को उतना ही सहज बनाने का लक्ष्य रखता है, जितना लोग रोज़ाना यूपीआई भुगतान करते हैं। यह गूगल पे के सुरक्षित अनुभव और एक्सिस बैंक की विश्वसनीय बैंकिंग विशेषज्ञता का अनूठा संगम है। यह कार्ड ‘फ्लेक्स बाय गूगल पे’ के तहत पहली पेशकश है, जो गूगल का क्रेडिट को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक नया कदम है।

‘गूगल पे फ्लेक्स एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड’ की विशेषता यह है कि फ्लेक्स के साथ यूजर्स कुछ ही मिनट में पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया के जरिए कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसे प्राप्त कर लाखों ऑफलाइन मर्चेंट्स या ऐप्स पर भुगतान करना शुरू कर सकते हैं। प्रत्येक लेन-देन पर यूजर्स को ‘स्टार्स’ के रूप में रिवॉर्ड पॉइंट मिलेंगे, जिन्हें तुरंत रिडीम किया जा सकता है। इसमें 1 स्टार की वैल्यू 1 रुपये के बराबर होगी। इसके अलावा, गूगल पे एप के भीतर ही फ्लेक्सिबल रीपेमेंट के विकल्प मिलते हैं, जिससे यूज़र्स अपने क्रेडिट कार्ड बिल को आसानी से ईएमआई में बदल सकते हैं, जो उन्हें अपने खर्चों पर बेहतर नियंत्रण और वित्तीय लचीलापन प्रदान करता है।

इस अवसर पर एक्सिस बैंक की प्रेसिडेंट और हेड (कार्ड्स, पेमेंट्स और वेल्थ मैनेजमेंट) अर्निका दीक्षित ने कहा कि वे गूगल के साथ साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए डिजिटल भुगतान अनुभव को फिर से परिभाषित करने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि यूपीआई की लोकप्रियता को देखते हुए डिजिटल-फर्स्ट उपभोक्ताओं के लिए यह क्रेडिट समाधान तैयार किया गया है। उन्‍होंने कहा कि यूपीआई स्पेस में अपनी लीडरशिप का फायदा उठाते हुए एक्सिस बैंक फाइनेंशियल सॉल्यूशंस में अपनी विशेषज्ञता को गूगल पे की लेटेस्ट टेक्नोलॉजी के साथ मिलाकर इंस्टेंट रिवॉर्ड्स, फ्लेक्सिबल रीपेमेंट ऑप्शन और बहुत कुछ के साथ रोज़ाना के लेनदेन को आसान बना रहा है।

वहीं, गूगल पे के सीनियर डायरेक्टर प्रोडक्ट मैनेजमेंट शरथ बुलुसु ने कहा, “गूगल पे में हमारा लक्ष्य हमेशा टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स को सभी के लिए आसान और सुलभ बनाना रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में डिजिटल पेमेंट हर जगह हो गए हैं, ट्रांजैक्शनल क्रेडिट अभी-भी अधिकांश लोगों तक नहीं पहुंचा है। हमने इस गैप को भरने के लिए फ्लेक्स बनाया है, जो अगली पीढ़ी के यूज़र्स के लिए कार्ड के अनुभव को आसान बनाता है और उसे नए सिरे से पेश करता है। हम एक्सिस बैंक के साथ इसे सबसे पहले लॉन्च करके बहुत खुश हैं और जल्द ही और भी जारी करने वाले पार्टनर्स की घोषणा करने की उम्मीद करते हैं।

एनपीसीआई की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ग्रोथ, सोहिनी राजोला ने कहा, “हम उपभोक्ताओं के लिए भरोसेमंद और आसान डिजिटल भुगतान अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और गूगल पे फ्लेक्स एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड रोज़ाना के पेमेंट्स को स्मार्ट बनाकर इस मिशन को आगे बढ़ाता है। यूज़र्स बिना किसी रुकावट के सफर में बेहतर सुविधा और तुरंत रिवॉर्ड्स का आनंद ले सकते हैं।”

गूगल पे फ्लेक्स एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड की मुख्य विशेषताएं:

सरल डिजिटल आवेदन:- यूज़र्स शून्य लागत पर कहीं से भी आवेदन कर सकते हैं और बिना किसी कागजी कार्रवाई के मिनटों में लेन-देन शुरू कर सकते हैं।

कहीं भी भुगतान की सुविधा:- रुपे नेटवर्क की शक्ति के साथ, यूज़र्स करोड़ों दुकानों पर क्यूआर कोड स्कैन करके या ऐप्स पर छोटे-बड़े भुगतान कर सकते हैं।

तत्काल रिवॉर्ड:- रिवॉर्ड पॉइंट्स को किसी भी फ्लेक्स ट्रांजैक्शन पर तुरंत इस्तेमाल किया जा सकता है। यूज़र्स को रिवॉर्ड्स के लिए महीने के अंत तक इंतज़ार नहीं करना होगा।

पुनर्भुगतान पर नियंत्रण:- खर्चों और बिलों को सीधे गूगल पे एप में ट्रैक किया जा सकता है और बिल को ईएमआई में बदलने की सुविधा भी उपलब्ध है।

इन-एप कंट्रोल:- एप के जरिए ही कार्ड को मैनेज करना, ब्लॉक/अनब्लॉक करना या पिन रीसेट करना बेहद आसान है।

गूगल और एक्सिस बैंक ने इसकी रोलआउट प्रक्रिया शुरू कर दी है, आने वाले महीनों में यह सभी यूज़र्स के लिए उपलब्ध होगा। इच्छुक यूज़र्स गूगल पे एप के भीतर सीधे वेटलिस्ट में शामिल हो सकते हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रजेश शंकर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *