Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
INDIA

विश्वकर्मा पूजा पर बदरा मेहरबान, बंगाल के कई जिलों में बारिश का अलर्ट

कोलकाता, 17 सितंबर (Udaipur Kiran News)। बुधवार की सुबह से ही कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में आसमान बादलों से घिरा रहा। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दिनभर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे विश्वकर्मा पूजा के आयोजनों पर असर पड़ सकता है।

Kolkata Weather

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर अब झारखंड तक पहुंच गया है। इसके चलते राज्य में नमी बढ़ी है और पश्चिमी जिलों में इसका प्रभाव ज्यादा दिखाई देगा। यहां कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

कोलकाता सहित गंगीय दक्षिण बंगाल के जिलों में बुधवार को पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। हालांकि, मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल भारी बारिश का खतरा नहीं है। दिन का तापमान सामान्य से कम रहेगा, लेकिन रात के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।

विभाग ने बताया कि गुरुवार से बारिश में कमी आ सकती है और शनिवार तक मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। वहीं रविवार यानी महालया के दिन फिर से हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश रुकने के बाद उमस और चिपचिपी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

उत्तर बंगाल में बारिश का सिलसिला शुक्रवार तक जारी रहेगा। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में बुधवार से गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरी हिस्सों के कई अन्य इलाकों में भी अलग-अलग समय पर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *